13 मार्च को लौटेगी ‘Aspirants’ सीजन 3, दो टाइमलाइन में दिखेगी अभिलाष की नई जंग

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2026 - 06:23 PM (IST)

नई दिल्ली। भारत के लोकप्रिय ओटीटी प्लेटफॉर्म Amazon Prime Video ने अपनी सुपरहिट हिंदी ड्रामा सीरीज ‘एस्पिरेंट्स’ के सीजन 3 की वर्ल्डवाइड रिलीज डेट का ऐलान कर दिया है। यह नया सीजन 13 मार्च को भारत समेत दुनिया भर के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में स्ट्रीम होगा। इस सीरीज को The Viral Fever (TVF) ने प्रोड्यूस किया है और इसका निर्देशन दीपेश सुमित्रा जगदीश ने किया है।

वही स्टारकास्ट, एक नई एंट्री
सीजन 3 में एक बार फिर नवीन कस्तुरिया, शिवांकित सिंह परिहार, अभिलाष थपलियाल, सन्नी हिंदुजा, नमिता दुबे और टेंगम सेलिन अपने पुराने किरदारों में नजर आएंगे। इस बार कहानी में नया ट्विस्ट लाने के लिए जतिन गोस्वामी की एंट्री भी हुई है, जो सीजन में एक अहम भूमिका निभाएंगे।

दो टाइमलाइन में आगे बढ़ेगी कहानी
‘एस्पिरेंट्स’ का नया सीजन डीएम अभिलाष की जिंदगी को दो अलग-अलग टाइमलाइन में दिखाएगा। प्रेजेंट टाइमलाइन में, संदीप ओझा द्वारा लगाए गए आरोपों के चलते अभिलाष के खिलाफ जांच शुरू हो जाती है। इसका असर उसके करियर के साथ-साथ दोस्तों और परिवार के रिश्तों पर भी पड़ता है। पास्ट टाइमलाइन में, आईआरएस बनने के बाद युवा अभिलाष एक आखिरी बार आईएएस परीक्षा की तैयारी करने का फैसला करता है। यह संघर्ष, सपनों और जिम्मेदारियों के बीच उसकी मानसिक जंग को दर्शाएगा।

क्या बोले मेकर्स?
अमेज़न प्राइम वीडियो इंडिया के कंटेंट लाइसेंसिंग डायरेक्टर मनीष मेघानी ने कहा कि ‘एस्पिरेंट्स’ ने अपनी ईमानदार कहानी से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई है। उन्होंने बताया कि प्लेटफॉर्म दर्शकों के लिए ऐसी कहानियां लाने के लिए प्रतिबद्ध है जो असल जिंदगी से जुड़ी हों। वहीं TVF के प्रेसिडेंट और बिजनेस हेड विजय कोशी ने कहा कि सीजन 3 अभिलाष की जिंदगी के एक अहम मोड़ को एक्सप्लोर करेगा, जहां पर्सनल और प्रोफेशनल चुनौतियां उसे नए तरीके से परखेंगी।

13 मार्च को होगा प्रीमियर
‘एस्पिरेंट्स’ सीजन 3 का प्रीमियर 13 मार्च को प्राइम वीडियो पर होगा। एक बार फिर यह सीरीज सपनों, महत्वाकांक्षाओं और संघर्ष की कहानी को नई परतों के साथ पेश करने के लिए तैयार है। अब देखना दिलचस्प होगा कि अभिलाष की यह नई जंग दर्शकों के दिलों में वही पुरानी जगह बना पाती है या नहीं।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Reetu sharma

Related News