अधूरी रह गई Asha Bhosle की वो ख्वाहिश…जिसे जान हर कोई हो जाएगा भावुक
punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 05:04 PM (IST)
Asha Bhosle Last Wish :भारतीय संगीत जगत की दिग्गज गायिका आशा भोंसले ने 12 अप्रैल 2026 को इस दुनिया को अलविदा कह दिया। 92 वर्ष की आयु में उनके निधन से कला और मनोरंजन जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। आठ दशकों से अधिक लंबे करियर में उन्होंने अपनी जादुई आवाज से भारतीय सिनेमा को एक नई पहचान दी थी।
अधूरी रह गई वह आखिरी इच्छा
आशा जी संगीत से कितना लगाव रखती थीं, इसका अंदाजा उनकी एक पुरानी बात से लगाया जा सकता है। एक रियलिटी शो के दौरान जब उनसे उनकी अंतिम इच्छा पूछी गई थी, तो उन्होंने बेहद भावुक होकर कहा था:
"मैं चाहती हूँ कि मेरी मृत्यु गाते-गाते हो।"
संगीत के प्रति उनका यह समर्पण ही था कि वे अपनी अंतिम सांस तक सुरों के साथ जुड़े रहना चाहती थीं। हालांकि वह गाते हुए दुनिया से विदा लेने की अपनी इच्छा पूरी नहीं कर सकीं, लेकिन उनके गाए हजारों गीत हमेशा उनके जीवित होने का अहसास दिलाते रहेंगे।
एक बेमिसाल सफर
आशा भोंसले का करियर किसी मिसाल से कम नहीं रहा। उन्होंने अपने करियर में लगभग 12,000 से ज्यादा गाने गाए। सिर्फ फिल्मी गाने ही नहीं, बल्कि उन्होंने पॉप, गजल और क्लासिकल संगीत में भी अपनी महारत साबित की। हिंदी के अलावा उन्होंने मराठी, बंगाली, तमिल और तेलुगु सहित कई क्षेत्रीय भाषाओं में अपनी आवाज दी। सबसे अधिक स्टूडियो रिकॉर्डिंग के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में दर्ज किया गया। उन्हें संगीत के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए दो राष्ट्रीय पुरस्कारों (National Awards) से भी नवाजा गया था।
