अनुभव सिन्हा ने लॉन्च किया अपना म्यूजिक लेबल ‘बनारस बीट’, बोले- ''म्यूजिक के लिए बचपन...''
punjabkesari.in Sunday, Sep 27, 2026 - 02:21 PM (IST)
नई दिल्ली/टीम डिजिटल। फिल्ममेकर अनुभव सिन्हा ने अब फिल्मों से आगे बढ़ते हुए म्यूजिक की दुनिया में नया कदम रखा है। निर्देशक, लेखक और निर्माता के तौर पर अपनी पहचान बना चुके अनुभव सिन्हा ने अपना म्यूजिक लेबल ‘बनारस बीट’ लॉन्च किया है। अच्छी कहानियों को पर्दे पर अलग अंदाज में पेश करने के लिए मशहूर अनुभव अब अपने इस नए वेंचर के जरिए म्यूजिक के प्रति अपने पुराने जुनून को एक नया रूप देना चाहते हैं।
7-8 साल पहले आया था आइडिया
अपने नए वेंचर के बारे में बात करते हुए अनुभव सिन्हा ने बताया कि ‘बनारस बीट’ का आइडिया उनके दिमाग में करीब 7-8 साल पहले आया था। उन्होंने कहा, “अगर आप कुछ करना चाहते हैं और उसके लिए कुछ नहीं करते, तो वो एक सपना है, और अगर आप कुछ करना चाहते हैं और उसके लिए बहुत कुछ करते हैं, तो वो एक एंबिशन है।” उन्होंने बताया कि म्यूजिक से उनका रिश्ता बचपन से रहा है और उनके कमरे में हमेशा संगीत बजता रहता था। इसी जुनून के चलते करीब तीन साल पहले उन्होंने खुद म्यूजिक सीखना भी शुरू किया।
एक साल पहले टीम को मिला आकार
अनुभव सिन्हा ने आगे बताया कि वह फिल्मों से अलग भी म्यूजिक बनाने का सपना देखते थे, लेकिन लंबे समय तक इसके लिए टीम तैयार नहीं कर पाए। उनके मुताबिक करीब एक साल पहले उन्होंने कुछ कंपोजर्स के साथ काम करना शुरू किया और धीरे-धीरे पूरी टीम तैयार हो गई। इसके बाद टीम ने कई गानों पर काम किया और अब ‘बनारस बीट’ को आधिकारिक तौर पर सामने लाया जा रहा है।
फिल्मों से आगे म्यूजिक की दुनिया में सफर
अनुभव सिन्हा के लिए ‘बनारस बीट’ सिर्फ एक नया बिजनेस वेंचर नहीं, बल्कि उनके लंबे समय से चले आ रहे म्यूजिक पैशन को आगे बढ़ाने की कोशिश है। फिल्मों में अपनी क्रिएटिविटी दिखाने के बाद अब वह अपनी टीम के साथ मिलकर नए गाने तैयार करेंगे। इस नए सफर के जरिए अनुभव सिन्हा दर्शकों के सामने अपनी क्रिएटिविटी का एक और पहलू पेश करने के लिए तैयार हैं।
