अजान पर शिकायत क्यों नहीं ? मंदिर में रात 2 बजे तेज म्यूजिक से परेशान होकर, एक्टर Allu Sirish ने की Police से शिकायत, लोगों ने उठाए सवाल
punjabkesari.in Monday, Sep 28, 2026 - 04:56 PM (IST)
Allu Sirish Controversy : टॉलीवुड एक्टर अल्लू सिरीश ने हैदराबाद पुलिस से शिकायत की है कि उनके घर के पास एक मंदिर से तेज आवाज में संगीत बजाया जा रहा है। शैकपेट इलाके में रहने वाले इस एक्टर ने 'X' पर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उन्होंने पहले ही फिल्म नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत की थी, लेकिन गणेश विसर्जन को देखते हुए उन्हें 25 सितंबर तक इसे बर्दाश्त करने के लिए कहा गया था।
अल्लू सिरीश ने कहा कि त्योहार खत्म होने के बावजूद तेज संगीत बजना बंद नहीं हुआ है। मैं शैकपेट के अपर्णा वन का निवासी हूं। पिछले कुछ दिनों से विनोबा नगर स्थित हनुमान मंदिर में रात 2-3 बजे तक तय डेसिबल सीमा से ज्यादा तेज संगीत बजाया जा रहा है। मैंने फिल्म नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत की थी। उन्होंने हमसे 25 सितंबर तक इंतजार करने को कहा क्योंकि तब गणेश विसर्जन था। त्योहार खत्म हो गया है लेकिन तेज संगीत बंद नहीं हुआ है। हमारी सोसाइटी में कई बुज़ुर्ग, बच्चे और नौकरीपेशा लोग इससे परेशान हैं और पहले भी कई शिकायतें कर चुके हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आपसे अनुरोध है कि कृपया इस मामले को देखें। धन्यवाद..." उन्होंने हैदराबाद सिटी पुलिस को टैग करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा।
हैदराबाद सिटी पुलिस ने जवाब दिया, "सर, जरूरी कार्रवाई के लिए यह मामला SHO फिल्म नगर के साथ साझा कर दिया गया है।
लोगों ने किया ट्रोल
एक्टर अल्लू अर्जुन के छोटे भाई अल्लू सिरीश ने रविवार रात अपनी शिकायत पोस्ट की और तब से कई इंटरनेट यूजर्स ने उन्हें ट्रोल किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वह सिर्फ़ हिंदुओं को निशाना बना रहे हैं और सवाल किया कि वह मस्जिदों से दिन में पांच बार होने वाली 'अजान' के बारे में शिकायत क्यों नहीं करते। कुछ आलोचकों ने फिल्म इवेंट्स से होने वाले शोर और उससे जनता को होने वाली परेशानी पर उनकी चुप्पी पर सवाल उठाए। कुछ लोगों ने तो उनकी फिल्मों के बहिष्कार की भी मांग की।
इंटरनेट यूजर्स का एक वर्ग अल्लू सिरीश के समर्थन में भी आया कि उन्होंने आवाज उठाई। उन्होंने शोर-शराबे के ख़िलाफ बोलने की हिम्मत दिखाने के लिए उनकी तारीफ की। एक यूज़र ने लिखा कि वह महीनों से इस बारे में शिकायत कर रही थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
