Alpha Review: दमदार स्टारकास्ट और जबरदस्त एक्शन के बावजूद फीकी पड़ी ''अल्फा'', पढें रिव्यू
punjabkesari.in Friday, Jul 03, 2026 - 02:34 PM (IST)
फिल्म- अल्फा (Alpha)
स्टारकास्ट- आलिया भट्ट (Alia Bhatt), शर्वरी वाघ (Sharvari Wagh), अनिल कपूर (Anil Kapoor), बॉबी देओल (Bobby Deol) , ऋतिक रोशन (Hrithik Roshan)
डायरेक्शन- शिव रवैल (Shiv Rawail)
रेटिंग- 2*
Alpha: शिव रवैल के निर्देशन में बनी अल्फा का लंबे समय से इंतजार कर रहे दर्शकों का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। यह फिल्म अब सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। स्पाई यूनिवर्स की इस नई पेशकश में आलिया भट्ट, शर्वरी वाघ, अनिल कपूर, बॉबी देओल और ऋतिक रोशन जैसे दमदार कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। एक्शन, सस्पेंस और रोमांच से भरपूर इस फिल्म में हर मोड़ पर नए ट्विस्ट देखने को मिलते हैं। आखिर स्पाई यूनिवर्स में एंट्री करती अल्फा दर्शकों की उम्मीदों पर कितनी खरी उतरती है चलिए आपको बताते हैं...

कहानी
फिल्म अल्फा की कहानी की शुरुआत बॉबी देओल से होती है जो एक पाकिस्तानी सैनिक है। वह धोखे से भारतीय सेना में शामिल हो जाता है, लेकिन गुप्त रूप से पाकिस्तान के लिए काम करता रहता है। इसी दौरान वह एक रहस्यमयी सीरम "अल्फा" पर काम करता है और उसके परीक्षण के लिए आलिया भट्ट के किरदार सीता को चुनता है। सीरम का असर होने के बाद वह सीता को एक खतरनाक और बेहद प्रशिक्षित सैनिक बना देता है। कहानी में बड़ा मोड़ तब आता है, जब सीता को डॉ. वर्गेस की हत्या के मिशन पर भेजा जाता है। लेकिन डॉ. वर्गेस मरने से पहले उसे पूरी सच्चाई बता देते हैं जिसके बाद सीता को एहसास होता है कि उसके साथ कितना बड़ा धोखा हुआ है। सच जानने के बाद वह अपने साथ हुए अन्याय का बदला लेने निकल पड़ती है। इसी सफर में उसे पता चलता है कि उसकी एक बहन दुर्गा भी है जो उसी अल्फा प्रोजेक्ट का हिस्सा है। इसके बाद सीता और दुर्गा मिलकर बॉबी देओल को मारने निकल पड़ती हैं। अब इस मिशन में आगे क्या होता है और आखिर किसकी जीत होती है, यह जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी।

एक्टिंग
फिल्म अल्फा में आलिया भट्ट, शर्वरी वाघ, अनिल कपूर, बॉबी देओल और ऋतिक रोशन जैसे दमदार कलाकार अपनी-अपनी भूमिकाओं में शानदार नजर आते हैं। आलिया भट्ट ने अपने किरदार को पूरी ईमानदारी और दमदार अंदाज में निभाया है। खासतौर पर एक्शन सीक्वेंस में उनका आत्मविश्वास और स्क्रीन प्रेजेंस प्रभावित करती है। वहीं शर्वरी वाघ ने भी अपनी मजबूत मौजूदगी और शानदार अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया है। बॉबी देओल ने खलनायक के किरदार को बेहद प्रभावशाली तरीके से निभाया है, जो फिल्म की सबसे बड़ी खूबियों में से एक है। अनिल कपूर ने अपने अनुभव और शानदार अभिनय से एक बार फिर साबित कर दिया कि वह इंडस्ट्री के बेहतरीन कलाकारों में से एक हैं। वहीं ऋतिक रोशन का कैमियो भले ही छोटा हो, लेकिन उनकी दमदार एंट्री दर्शकों को चौंकाने के साथ-साथ खूब उत्साहित भी करती है।

डायरेक्शन
फिल्म अल्फा का निर्देशन शिव रवैल ने किया है। फिल्म को बड़े स्तर पर एक्शन और स्पाई यूनिवर्स के विस्तार को ध्यान में रखकर बनाया गया है, लेकिन इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले दर्शकों को पूरी तरह बांधने में सफल नहीं हो पाते। कई जगह फिल्म में धुरंधर की झलक महसूस होती है, लेकिन वह प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहती है। पहले हाफ के बाद कहानी की रफ्तार धीमी पड़ जाती है, जिससे कई दृश्य खिंचे हुए लगते हैं और फिल्म कुछ जगहों पर बोर भी करती है। स्पाई यूनिवर्स को आगे बढ़ाने की कोशिश तो साफ नजर आती है, लेकिन अलग-अलग किरदारों और घटनाओं के बीच मजबूत कनेक्शन स्थापित नहीं हो पाता। यही वजह है कि बड़े एक्शन और शानदार स्टारकास्ट के बावजूद फिल्म वह असर नहीं छोड़ पाती, जिसकी दर्शकों को उम्मीद थी।
