Pooja Meri Jaan Review: प्यार, रिजेक्शन और सुसाइड केस के बीच उलझी कहानी, मृणाल-हुमा की दमदार एक्टिंग
punjabkesari.in Thursday, Oct 01, 2026 - 11:04 PM (IST)
फिल्म- पूजा मेरी जान (Pooja Meri Jaan)
स्टारकास्ट- मृणाल ठाकुर (Mrunal Thakur), हुमा कुरैशी (Huma Qureshi), विजय राज (Vijay Raj), विक्रम सिंह चौहान (Vikram Singh Chauhan)
डायरेक्टर- नवजोत गुलाटी (Navjot Gulati) और विपशा अरविंद (Vipsha Arvind)
प्लेटफॉर्म- जी5
रेटिंग- 3*
Pooja Meri Jaan: मृणाल ठाकुर स्टारर फिल्म ‘पूजा मेरी जान’ ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 पर रिलीज हो चुकी है। फिल्म में मृणाल ठाकुर के अलावा हुमा कुरैशी और विजय राज अहम भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म की कहानी का कॉन्सेप्ट दिलचस्प और कुछ अलग है जिसमें एक सुसाइड केस के पीछे छिपी सच्चाई को सामने लाने की कोशिश की जाती है। कहानी के जरिए रिश्तों, भावनाओं और कई अनसुलझे सवालों को भी छूने की कोशिश की गई है। आइए जानते हैं कैसी है ‘पूजा मेरी जान’...

कहानी
फिल्म पूजा मेरी जान की कहानी अनिकेत के सुसाइड से शुरू होती है जिसका आरोप पूजा यानी मृणाल ठाकुर के ऊपर आता है। दरअसल, अनिकेत पूजा से प्यार करता है लेकिन पूजा उसके प्यार को ठुकरा देती है। इसके बाद अनिकेत सुसाइड कर लेता है और मामला कोर्ट तक पहुंच जाता है। इस केस में पूजा का पक्ष सना यानी हुमा कुरैशी रखती हैं जबकि पूजा के खिलाफ केस लड़ रहे विजय राज उसे सजा दिलाने के लिए पूरी ताकत लगा देते हैं। हालांकि, कहानी सिर्फ प्यार, रिजेक्शन और सुसाइड तक सीमित नहीं है। इसके पीछे कई ऐसे पहलू और राज छिपे हैं, जो धीरे-धीरे सामने आते हैं और कहानी को एक अलग मोड़ देते हैं। अब क्या सना पूजा को बेकसूर साबित कर पाएगी यह जानने के लिए आपको फिल्म देखनी होगी।

एक्टिंग
फिल्म पूजा मेरी जान में मृणाल ठाकुर, हुमा कुरैशी, विजय राज और विक्रम सिंह चौहान मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। मृणाल ठाकुर ने पूजा के किरदार को बेहद सहज और रियल तरीके से निभाया है। उनके चेहरे के हाव-भाव और इमोशन्स किरदार की उलझन और भावनात्मक स्थिति को प्रभावी ढंग से सामने लाते हैं। वहीं हुमा कुरैशी ने एक बार फिर अपनी दमदार अदाकारी से प्रभावित किया है और सना के किरदार में पूरी तरह ढलती नजर आती हैं। विजय राज ने भी अपने अनुभव के साथ किरदार को बखूबी निभाया है। इसके अलावा विक्रम सिंह चौहान ने एक प्रेमी के किरदार को काफी नैचुरल अंदाज में निभाया है और उनकी परफॉर्मेंस कहानी के भावनात्मक हिस्से को मजबूती देती है।

डायरेक्शन
फिल्म पूजा मेरी जान का निर्देशन नवजोत गुलाटी और विपशा अरविंद ने किया है। दोनों निर्देशकों ने फिल्म के संवेदनशील मुद्दे को गंभीरता के साथ पर्दे पर पेश करने की कोशिश की है। कहानी आज के दौर में रिश्तों, प्यार, रिजेक्शन और उससे जुड़ी सोच जैसे अहम विषयों को सामने लाती है। निर्देशन की खास बात यह है कि फिल्म सिर्फ एक सुसाइड केस की जांच तक सीमित नहीं रहती, बल्कि उसके पीछे छिपे भावनात्मक और सामाजिक पहलुओं को भी दिखाने की कोशिश करती है। कोर्ट रूम के दृश्यों और किरदारों के बीच के तनाव को भी ठीक तरह से पेश किया गया है। हालांकि कुछ जगहों पर कहानी की रफ्तार थोड़ी धीमी महसूस होती है लेकिन कुल मिलाकर निर्देशन फिल्म के संवेदनशील मुद्दे को प्रभावी ढंग से सामने लाता है।
