शिक्षा के साथ-साथ सरकार खेलों का स्तर भी ऊंचा करेगी : सोनी

punjabkesari.in Wednesday, Dec 19, 2018 - 09:48 AM (IST)

जालंधर (धवन): पंजाब के शिक्षा मंत्री ओ.पी. सोनी ने कहा है कि राज्य सरकार जहां एक तरफ शिक्षा का स्तर ऊंचा करने जा रही है, वहीं पर दूसरी ओर वह खेलों को भी बढ़ावा दे रही है ताकि पंजाब के विद्यार्थियों का सर्वपक्षीय विकास हो सके। सोनी ने चंडीगढ़ के सैक्टर-42 में हॉकी स्टेडियम में 29वें लाल बहादुर शास्त्री हॉकी टूर्नामैंट के उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि देश की तरक्की में स्व. लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता है। 

 

शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह शिक्षा व खेलों के स्तर को ऊंचा उठाने के प्रति काफी गंभीर हैं तथा इसके लिए पिछले कुछ महीनों के दौरान क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग को ही मुख्यमंत्री ने अकेले आधारभूत ढांचा मजबूत करने, स्कूलों में फर्नीचर उपलब्ध करवाने व अन्य कार्यों के लिए ही 1000 करोड़ रुपया खर्च करने का बजट अलॉट किया हुआ है। 


शिक्षा मंत्री सोनी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में काफी पीछे रह गया था। कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की दूरदर्शी सोच के कारण पंजाब अब शिक्षा क्षेत्र में आगे आया है तथा शिक्षा विभाग ने भी यह निर्णय लिया है कि अच्छे नतीजे देने वाले सरकारी स्कूलों व अध्यापकों का विशेष सम्मान किया जाएगा तथा जो सरकारी स्कूलों के प्रिंसीपल अच्छे नतीजे नहीं देंगे, उनकी जिम्मेदारी तय होगी। खेलों को लेकर भी मुख्यमंत्री ने नई नीति बनाई हुई है। खेल मंत्री इस संबंध में अच्छी भूमिका निभा रहे हैं। 


उन्होंने स्व. लाल बहादुर शास्त्री की याद में हर वर्ष टूर्नामैंट करवाने वाली कमेटी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वह देश के लिए अच्छे खिलाड़ी तैयार करने में लगी हुई है। समारोह में मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. जगदीप सिंह सिद्धू, कपिल देव पराशर सैक्रेटरी, अनिल वोहरा, पूर्व डी.जी.पी. राजिन्द्र सिंह व अन्य मौजूद थे। यह खेल उत्सव 23 दिसम्बर तक चलेगा। खेलों का स्तर देशभर में ऊंचा उठाने की जरूरत : अनिल शास्त्री स्व. शास्त्री के पुत्र व कांग्रेस नेता अनिल शास्त्री ने कहा कि खेलों को पूरे देश में बढ़ावा देने की जरूरत है ताकि भारत भी ओलिम्पिक व अन्य अन्तर्राष्ट्रीय खेल प्रतिस्पर्धाओं में अधिक से अधिक पदक जीत सके। उन्होंने कहा कि अभी भारत ओलिम्पिक खेलों में काफी पीछे है। छोटे-छोटे देश भारत की तुलना में अधिक पदक जीत लेते हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sonia Goswami

Recommended News

Related News