World Book Fair: भारत की बहुभाषा थीम के साथ विश्व पुस्तक मेले का श्रीगणेश

punjabkesari.in Sunday, Feb 11, 2024 - 08:35 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय (एन.डी.एल.) के लोकार्पण के साथ नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले की शुरुआत हुई। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेले के उद्घाटन सत्र के दौरान राष्ट्रीय ई-पुस्तकालय (नेशनल डिजिटल लाइब्रेरी) का लोकार्पण किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा नई दिल्ली विश्व पुस्तक मेला पढ़ने के आनंद का अवसर है। हमें गर्व है कि हमारे यहां भाषाओं की विविधता है। भारत ही एक ऐसा देश है जहां पर अनेक भाषाएं बोली जाती हैं और कई भाषाओं में पाठकों के लिए पुस्तकें उपलब्ध हैं। यहां सभी भारतीय भाषाएं राष्ट्रीय भाषाएं है। भाषाएं और पुस्तकें हमारी धरोहर हैं। उन्होंने आगे कहा बहुभाषावाद हमारे राष्ट्र की एक जीवंत परंपरा है और इसको आम जनमानस की चेतना में लाने की दिशा में नेशनल बुक ट्रस्ट इंडिया द्वारा किया गया प्रयास सराहनीय है। 

इस अवसर पर सऊदी अरब के माननीय राजदूत सालेह बिन ईद अल हुसैनी ने अपने संबोधन में भारत और सऊदी अरब के दशकों पुराने रिश्ते पर बात करते हुए कहा कि भारत के अमृत काल और सऊदी के विजन 2030 में काफी समानताएं हैं जहां दोनों ही देश युवाओं और महिलाओं के विकास को ध्यान में रखते हुए प्रगति पथ पर अग्रसर हैं। भारत में सऊदी अरब के साहित्य, संस्कृति और लोकपरंपरा का प्रतिनिधित्व करते हुए गर्व की अनुभूति हो रही है। नई शिक्षा नीति के अंतर्गत फाउंडेशनल लर्निंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार जादुई पिटारा किट के डिजिटल अवतार ई-जादुई पिटारा का भी लोकार्पण विश्व पुस्तक मेले के पहले दिन किया गया। उद्घाटन समारोह के उपरांत सभी विशिष्ट अतिथियों ने बहुभाषी भारत: एक जीवंत परंपरा पर आधारित हॉल नंबर 5 में सजे थीम मंडप का दौरा किया और एनबीटी, इंडिया द्वारा प्रकाशित विजय नायक की स्मरणीय गल्प पुस्तक का लोकार्पण किया साथ ही एग्जाम वारियर्स पुस्तक के ब्रेल संस्करण का भी विमोचन किया गया। 

समावेशिता को बढ़ाने के उद्देश्य से पुस्तक मेले में नि:शुल्क ब्रेल पुस्तकें देने का भी प्रबंध किया गया है। दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग, सामाजिक न्याय और सशक्तिकरण मंत्रालय तथा नेशनल बुक ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में यूआईडी कार्ड वाले दृष्टिबाधित बच्चो को नि:शुल्क ब्रेल पुस्तकें दी जा रही हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News