Weekly numerology (11th-17th december): जन्मतिथि से जानिए आपके लिए कितना शुभ रहेगा यह सप्ताह

punjabkesari.in Monday, Dec 11, 2023 - 08:13 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

मूलांक – 1
मूलांक 1, 10, 19, व 28 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व सूर्य देव करते हैं। मूलांक 1 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। सप्ताह की शुरुआत में अपने कामकाज को आगे बढ़ाने का विचार बनाएंगे। नौकरी में भी पदोन्नति के योग बनते हैं। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह से आपके काम पूरे होंगे। इस पूरे सप्ताह किसी नए काम की जिम्मेदारी में लगे रहेंगे। बुधवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। काम को जल्दी करने के लिए कोई गलत रास्ता न अपनाएं। सप्ताह के मध्य का समय पारिवारिक जिम्मेदारियां के इर्द-गिर्द बीतेगा। जीवनसाथी के साथ कहीं घूमने जाने की योजना बन सकती है। सप्ताह के अंत में शारीरिक और मानसिक थकान महसूस करेंगे।
उपाय:- सूर्य भगवान को तांबे के लोटे से जल दें। केले का दान मंदिर में करें।

मूलांक – 2
मूलांक 2, 11, 20 और 29 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व चन्द्र देव करते हैं। मूलांक 2 वाले इस सप्ताह अपने मनोबल में वृद्धि महसूस करेंगे। सप्ताह की शुरुआत में आर्थिक स्थिति में सुधार आएगा। किसी को उधार दी हुई धन राशि वापिस मिल सकती है। मंगलवार का दिन विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से शुभ रहेगा। हालांकि बुधवार के दिन अपने शब्दों का चयन सोच-समझ कर करें। लोग आपकी बातों का गलत मतलब निकालकर आपके ही विरुद्ध साजिश कर सकते हैं। सप्ताह के मध्य में कुछ परिवर्तन संभव हैं। जीवन में कोई प्रेम संबंध भी दस्तक दे सकता है। सप्ताह के अंत में मां की सेहत का ख्याल रखें। अनिंद्रा की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना बनती है।
उपाय:- माता-पिता के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लें। यथासंभव चांदी के पात्र में जल पीएं।

मूलांक – 3
मूलांक 3, 12, 21, 30 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बृहस्पति देव करते हैं। मूलांक 3 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। व्यापार में कुछ नए प्रोजेक्ट मिलने की संभावना बनती है। मंगलवार का दिन आपके लिए विशेष रूप से शुभ रहेगा समय का सदुपयोग करने की कोशिश करें। अपने काम में विदेशी आयाम को शामिल करने की कोशिश करेंगे। आधुनिक तकनीक से भी अपने कार्य को सुगम बनाना चाहेंगे। सप्ताह के मध्य में कॉमर्स और ट्रेड से जुड़े लोगों के लिए समय अच्छा रहेगा। विवाह योग्य जातकों को भी शादी के प्रस्ताव प्राप्त हो सकते हैं। शनिवार के दिन आपका मन धर्म-कर्म के कामों में लगेगा। किसी धर्म स्थान पर भी जा सकते हैं। रविवार का दिन हालांकि किसी नए काम की शुरुआत के कारण व्यस्त रहेगा। आय के नए साधन प्राप्त होने की संभावना बनती है।
उपाय:- विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें। गायत्री मंत्र का जाप करें।

मूलांक – 4
मूलांक 4, 13, 22 और 31 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व राहू देव करते हैं। मूलांक 4 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत सामान्य रहेगी। सप्ताह की शुरुआत में भावनाओं में आकर अपना भेद किसी को न बताएं। इस सप्ताह किसी नए कार्य की शुरुआत में कुछ अड़चनों का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि मंगलवार के दिन किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह आपके लिए लाभदायक रहेगी। बुधवार का दिन भी आपके लिए विशेष रूप से अच्छा रहेगा। रिसर्च और अनुसंधान से जुड़े हुए लोग अच्छे परिणाम प्राप्त करेंगे। सप्ताह के मध्य में सेहत का ख्याल रखें। वैवाहिक जीवन के सुख में वृद्धि होगी। भौतिक सुख-साधनों में भी निवेश करेंगे। शनिवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। इस दिन की गई यात्राएं सफल रहेंगी। प्रॉपर्टी संबंधी मामलों में भी लाभ होने के योग बनते हैं।
उपाय :- गुड़ और गेहूं का दान मंदिर में करें। सरस्वती मां की आराधना करें।

मूलांक – 5
मूलांक 5, 14 और 23 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व बुध देव करते हैं। मूलांक 5 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिलेजुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में कोई भी फैसला भावनाओं में आकर लेने की कोशिश करेंगे। नकदी धन खर्च होगा। खर्च अधिक बने रहेंगे। मंगलवार का दिन विद्यार्थियों के लिए अच्छा रहेगा। बुधवार के दिन कोई शॉर्टकट अपना कर अपना काम जल्दी करने की कोशिश करेंगे। सप्ताह के मध्य का समय भौतिक सुख-साधनों में वृद्धि करेगा। जीवन में कोई प्रेम संबंध भी दस्तक दे सकता है। बृहस्पतिवार का दिन मार्केटिंग और सेल्स से जुड़े हुए लोगों के लिए अच्छा रहेगा। सप्ताह के अंत में मां-बेटी के संबंध अच्छे होंगे। कुछ अनचाहे खर्चों पर अंकुश लगाने की कोशिश करेंगे।
उपाय:- बुध आदित्य स्त्रोत का पाठ करें। दुर्गा चालीसा का पाठ करें।

मूलांक – 6
मूलांक 6, 15 और 24 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शुक्र देव करते हैं। मूलांक 6 वालों के लिए भी सप्ताह के परिणाम औसतन मिले-जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में निजी जीवन और भावनाओं के मध्य एक उधेड़बुन लगी रहेगी। मंगलवार का दिन व्यवसाय और कामकाज के नजरिए से तो अच्छा रहेगा। परंतु निजी जीवन पर कम ध्यान दे पाएंगे। बच्चे विदेशी शिक्षा प्राप्त करने का मन बना सकते हैं। सप्ताह के मध्य में कार्यक्षेत्र पर किसी महिला सहकर्मी का साथ प्राप्त होगा। शुक्रवार का दिन वैवाहिक जीवन के नजरिए से अच्छा रहेगा। निजी जरूरत पर धन खर्च होगा। सप्ताह के अंत में जीवनसाथी के साथ कहीं घूमने जाने की योजना बन सकती है। मकान खरीदने के बारे में भी विचार कर सकते हैं।
उपाय:- गाय का घी मंदिर में दान करें। गाय को हरा चारा खिलाएं।

मूलांक – 7
मूलांक 7, 16 और 25 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व केतु देव करते हैं। मूलांक 7 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत में सोमवार का दिन थोड़ा मंदा रहेगा। इस दिन भावनाओं में आकर फैसला लेने में थोड़ी परेशानी होगी। हालांकि मंगलवार का दिन आपके लिए अच्छा है। बच्चे अपनी पढ़ाई को लेकर केंद्रित नजर आएंगे। बुधवार के दिन आपकी योजनाओं को मार्ग मिलते नजर आएंगे और शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े हुए लोग अच्छे परिणाम प्राप्त करेंगे। सप्ताह के मध्य में मां-बेटी के संबंध अच्छे होंगे। व्यापार में विदेशी आयाम शामिल करने की कोशिश करेंगे। शुक्रवार का दिन वैवाहिक जीवन के नजरिए से अच्छा रहेगा। शनिवार के दिन की गई यात्राएं आपके लिए लाभदायक रहेंगी। सप्ताह के अंत में आय के नए साधन प्राप्त होने की संभावना बनती है परंतु स्वभाव में निरसता उत्पन्न हो सकती है। इस पूरे सप्ताह किसी नए काम की जिम्मेदारी के कारण व्यस्त रहेंगे।
उपाय:- माता-पिता के चरण स्पर्श का आशीर्वाद लें। केसर का तिलक लगाएं।

मूलांक – 8
मूलांक 8, 17 और 26 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व शनि देव करते हैं। मूलांक 8 वालों के लिए सप्ताह के परिणाम मिले-जुले रहेंगे। सप्ताह की शुरुआत में सोमवार के दिन कार्य क्षेत्र पर उच्च अधिकारियों के साथ असहमति का सामना करना पड़ सकता है जिसके कारण मन निराशा रहेगा। हालांकि मंगलवार का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आपको अपने कार्य में सफलता मिलेगी। बुधवार के दिन भी कुछ आधुनिक तकनीक और टेक्निकल एक्सपर्टीज को इस्तेमाल करके अपने काम को जल्दी करने में कामयाब रहेंगे और लोगों की प्रशंसा का पात्र बनेंगे। सप्ताह के मध्य में कुछ अनचाहे खर्च हो सकते हैं। शुक्रवार का दिन निजी जरूरत के इर्द-गिर्द बीतेगा। शनिवार के दिन कामकाज संबंधित यात्राएं करनी पड़ सकती हैं। सप्ताह के अंत का समय भी आपके लिए अच्छा रहेगा।
उपाय:- पीपल के वृक्ष पर सरसों के तेल का दीपक जलाएं। गेहूं का दान मंदिर में करें।

मूलांक – 9
मूलांक 9, 18 और 27 दिनांक को जन्म लेने वाले जातकों का प्रतिनिधित्व मंगल देव करते हैं। मूलांक 9 वालों के लिए सप्ताह की शुरुआत अच्छी रहेगी। बच्चों का मन किसी नए विषय की तरफ आकर्षित होगा। मंगलवार के दिन प्रतियोगिता में सफलता मिलने के योग बनते हैं। बच्चे अपनी पढ़ाई को लेकर केंद्रित नजर आएंगे। बुधवार का दिन थोड़ा सावधानी से बिताएं। किसी सफलता को हासिल करने के लिए अनैतिक रास्ता न अपनाएं। पुलिस के मामलों से दूरी बनाकर रखें। सप्ताह के मध्य में घर में किसी मंगल कार्य का आयोजन हो सकता है परंतु कुछ अड़चनों का सामना भी करना पड़ सकता है। शनिवार के दिन सेहत का ख्याल रखें। पैरों के दर्द की समस्या परेशानी का कारण बन सकती है। सप्ताह के अंत में वाहन चलाते हुए सावधानी बरतें।
उपाय:- गुड़ और शहद का सेवन करें। कुत्ते को मीठी रोटी खिलाएं।

आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट – www.gurukulastro.com 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News