Vrindavan Holi 2026 Security Plan : वृंदावन में होली का उल्लास ! सुरक्षा के अभेद्य घेरे में कान्हा की नगरी, 4 जोन और 8 सेक्टरों में बंटा पूरा शहर
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 12:54 PM (IST)
Vrindavan Holi 2026 Security Plan : रंगों के त्योहार होली और रंगभरनी एकादशी के पावन अवसर पर वृंदावन आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। पूरे शहर को एक हाई-टेक सुरक्षा घेरे में बदल दिया गया है, ताकि भक्त बिना किसी परेशानी के दर्शन कर सकें। बेहतर निगरानी के लिए समूचे वृंदावन को 4 मुख्य जोन और 8 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। हर जोन की जिम्मेदारी एक वरिष्ठ अधिकारी के पास होगी, जो सीधे कंट्रोल रूम को रिपोर्ट करेंगे।
संकरी गलियों और भीड़भाड़ वाले चौराहों पर पैनी नजर रखने के लिए ड्रोन कैमरों का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही बांके बिहारी मंदिर की ओर जाने वाले सभी रास्तों पर हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। हुड़दंगियों और जेबकतरों पर लगाम कसने के लिए पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में श्रद्धालुओं के बीच मौजूद रहेंगे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए विशेष महिला पुलिस दस्ते तैनात किए गए हैं। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए शहर के बाहरी हिस्सों में बैरियर लगाए गए हैं। बाहरी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा और श्रद्धालुओं को तय पार्किंग स्थलों से पैदल या ई-रिक्शा के माध्यम से ही आगे बढ़ने की अनुमति होगी।
सुगम दर्शन के लिए 'वन-वे' व्यवस्था
बांके बिहारी मंदिर और आसपास के प्रमुख मंदिरों की ओर जाने वाले रास्तों को 'वन-वे' (एकतरफा) कर दिया गया है। यानी जिस रास्ते से भक्त मंदिर जाएंगे, वापसी का रास्ता अलग होगा। इससे आमने-सामने की भीड़ का टकराव नहीं होगा और भगदड़ जैसी स्थिति से बचा जा सकेगा।
प्रशासन का अनुरोध
मथुरा-वृंदावन पुलिस प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें, अपना कीमती सामान संभाल कर रखें और किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस बूथ को दें।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
