Venus Transit 2020: खुशखबरी लेकर आ रहा है शुक्र का राशि परिवर्तन
punjabkesari.in Tuesday, Jul 28, 2020 - 06:47 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Shukra Rashi Parivartan 2020: जीवन में सभी भौतिक सुखों के कारक माने जाने वाले शुक्र ग्रह 1 अगस्त को सुबह 5 बजकर 9 मिनट पर बुध की मिथुन राशि में प्रवेश करने जा रहे हैं। जहां वह 1 सितंबर को सुबह 2 बजकर 2 मिनट तक रहेंगे। शुक्र ग्रह एक ऐसे ग्रह हैं, जिन्हें अंग्रेजी में वीनस यानी सुंदरता की देवी कहा जाता है तो साथ ही हमारे शास्त्रों में इन्हें दैत्य गुरु भी माना जाता है यानी असुरों के गुरु। शुक्र ग्रह को जीवन में समृद्धि, नैसर्गिक भोग विलास और दांपत्य का कारक माना जाता है। शुक्र अगर कुंडली में मजबूत हों तो जीवन में सुख सुविधाओं की बरसात करते हैं। प्रेम रस से लेकर जीवन के सारे रस हमें प्रदान करते हैं। शुक्र व्यक्ति के जीवन को सर्वाधिक प्रभावित करते हैं। यह वृषभ और तुला राशि के स्वामी हैं। मीन राशि में यह अपनी उच्च स्थिति में होते हैं जबकि कन्या राशि में यह नीच के हो जाते हैं।
शुक्र आर्टिस्टिक नेचर देते हैं। हमें सौंदर्य प्रेमी बनाते हैं। विपरीत लिंग के प्रति आकर्षण पैदा करते हैं। हमें एक अच्छा प्रेमी बनाते हैं। हमारे व्यक्तित्व में आकर्षण भरते हैं। हमें स्त्री सुख, वाहन सुख और धन का सुख प्रदान करते हैं यानी पूरी विलासिता देते हैं। यही शुक्र अगर खराब स्थिति में हों या नीच के हों तो हमें नीरसता प्रदान करते हैं।
शुक्र 1 अगस्त को मिथुन राशि में आ रहे हैं तो कईयों का भाग्योदय भी होगा। औषधि पर भी शुक्र का आधिपत्य है। शुक्र मिथुन में आ रहे हैं तो देश-दुनिया को औषधि विज्ञान के क्षेत्र में बहुत बड़ी सफलता मिलने के योग बनते दिख रहे हैं।
1 अगस्त को जब शुक्र ग्रह राशि परिवर्तन करेंगे तो इस दिन कई ग्रहों के मिलने से समसप्तक योग भी बनेगा। शुक्र जब मिथुन में चर करेंगे तो राहु और बुध भी इसी राशि में होंगे और ठीक सातवें घर में यानी धनु राशि में देव गुरु बृहस्पति के साथ केतु मौजूद होंगे। यानी पांच ग्रहों की एक दूसरे पर सीधी दृष्टि होगी। ज्योतिष में और हमारे शास्त्रों में हालांकि शुक्र ग्रह और देव गुरु बृहस्पति दोनों को गुरु माना जाता है। एक देवताओं के गुरु हैं और दूसरे असुरों के गुरु। लेकिन एक दूसरे के साथ इनकी मित्रता नहीं है। जाहिर है जब इन दोनों ग्रहों के आमने-सामने दृष्टि होगी तो कुछ राशियों पर इसका नकारात्मक असर भी होगा।
गुरमीत बेदी
gurmitbedi@gmail.com