Vastu Tips for Rooftop Solar: वास्तु अनुसार छत पर कहां लगाएं सोलर पैनल और हीटर? जानें सही दिशा, स्लोप और भार संतुलन के अचूक नियम
punjabkesari.in Monday, Oct 19, 2026 - 11:05 AM (IST)
Vastu Tips for Rooftop Solar: आज के समय में बिजली की बचत और पर्यावरण संरक्षण के लिए घरों में सोलर पैनल और सोलर वॉटर हीटर का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है। इन्हें स्थापित करते समय केवल तकनीकी आवश्यकताओं पर ही नहीं, बल्कि घर की संरचना, छत की क्षमता और दिशा का भी ध्यान रखना आवश्यक है। वास्तुशास्त्र और आधुनिक ऊर्जा आवश्यकताओं के संतुलन के अनुसार सही स्थान का चयन करने से सोलर उपकरणों का बेहतर उपयोग किया जा सकता है।

सोलर पैनल लगाने की सही दिशा: सोलर पैनल लगाने के लिए दक्षिण दिशा को सबसे उपयुक्त माना जाता है। यदि दक्षिण दिशा में पर्याप्त स्थान उपलब्ध न हो तो दक्षिण-पश्चिम अथवा पश्चिम दिशा का भी उपयोग किया जा सकता है। भारत उत्तरी गोलार्ध में स्थित है और सूर्य पूर्व दिशा से उदय होकर दिन के दौरान दक्षिणी आकाश की ओर रहता हुआ पश्चिम दिशा में अस्त होता है। इसलिए सामान्यतः दक्षिण दिशा की ओर लगाए गए सोलर पैनलों को अधिक समय तक पर्याप्त सूर्य का प्रकाश मिल सकता है, जिससे बिजली उत्पादन की क्षमता बेहतर हो सकती है।

वास्तु की दृष्टि से भी सोलर पैनल और उनका स्ट्रक्चर अपेक्षाकृत भारी होता है। इसलिए इन्हें दक्षिण, दक्षिण-पश्चिम अथवा पश्चिम दिशा में स्थापित करना अधिक उपयुक्त माना जाता है। उत्तर और पूर्व दिशा को अपेक्षाकृत हल्का और खुला रखने के कारण इन दिशाओं में भारी सोलर स्ट्रक्चर लगाने से बचना चाहिए। सोलर पैनल काॅर्नर से थोड़ा दूर लगाना चाहिए ताकि वह कोने का ढक्कन न बने।

सोलर पैनल का स्लोप या ढलान: सोलर पैनल की दिशा के साथ-साथ उसका स्लोप अर्थात ढलान भी महत्वपूर्ण होता है। सामान्यतः भारत में सोलर पैनलों का झुकाव दक्षिण दिशा की ओर रखा जाता है, ताकि उन्हें दिनभर अधिकतम समय तक सूर्य का प्रकाश मिल सके। सोलर पैनल का दक्षिण दिशा की ओर ढलान होने से कोई वास्तुदोष नहीं आता है, क्योंकि पैनलों के ऊपर सामान्यतः आवाजाही नहीं होती है।

सोलर वॉटर हीटर लगाने की सही दिशा: सोलर वॉटर हीटर में पानी भरने के बाद उसका भार काफी बढ़ जाता है। इसलिए वास्तु की दृष्टि से इसे नैऋत्य कोण में लगाना सबसे उपयुक्त माना जाता है। यदि नैऋत्य कोण में पर्याप्त स्थान उपलब्ध न हो तो इसे दक्षिण अथवा पश्चिम में भी स्थापित किया जा सकता है। लेकिन सोलर वॉटर हीटर को आग्नेय कोण और ईशान कोण में बिल्कुल नहीं लगाना चाहिए।
वास्तु गुरु कुलदीप सलूजा
thenebula2001@gmail.com

