Vastu Tips for Money Plant : घर में मनी प्लांट है, फिर भी नहीं बन रहे काम ? तुरंत सुधारें ये भूल

punjabkesari.in Sunday, Feb 08, 2026 - 12:46 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Vastu Tips for Money Plant: वास्तु शास्त्र में मनी प्लांट को सुख-समृद्धि और धन खींचने वाला पौधा माना गया है। लेकिन कई बार लोग शिकायत करते हैं कि घर में मनी प्लांट लगाने के बाद लाभ होने के बजाय काम बिगड़ने लगे हैं या आर्थिक तंगी आ गई है। वास्तु विज्ञान के अनुसार, पौधा खुद बुरा नहीं होता, बल्कि उसे लगाने की गलत दिशा और गलत तरीका नकारात्मक परिणाम देने लगता है। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो मुमकिन है कि आप ये गलतियां कर रहे हैं:

गलत दिशा का चुनाव 
वास्तु में दिशा का बहुत महत्व है। मनी प्लांट के लिए ईशान कोण यानी उत्तर-पूर्व दिशा सबसे वर्जित मानी गई है। इस दिशा के प्रतिनिधि देवगुरु बृहस्पति हैं और मनी प्लांट का इनसे शत्रुता का संबंध है। यहाँ पौधा लगाने से आर्थिक हानि, स्वास्थ्य समस्याएं और पारिवारिक कलह बढ़ती है। इसे हमेशा आग्नेय कोण यानी दक्षिण-पूर्व दिशा में लगाएं। यह दिशा भगवान गणेश की है, जो बाधाएं दूर करते हैं और शुक्र ग्रह की है, जो ऐश्वर्य बढ़ाते हैं।

जमीन पर फैलती बेलें
अक्सर लोग मनी प्लांट को गमले में लगाकर छोड़ देते हैं और उसकी बेलें नीचे फर्श पर फैलने लगती हैं। नीचे की ओर बढ़ती बेलें आपकी अवनति का प्रतीक हैं। यह धन के अपमान जैसा है और इससे सफलता के रास्ते रुक जाते हैं। जैसे ही बेल बढ़ने लगे, उसे किसी डंडी या धागे के सहारे ऊपर की ओर चढ़ाएं। ऊपर की ओर बढ़ता मनी प्लांट आपके करियर और आमदनी में वृद्धि का संकेत है।

सूखे पत्तों को नजरअंदाज करना
मनी प्लांट के पत्तों का पीला पड़ना या सूखना एक सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन वास्तु के नजरिए से इन्हें पौधे पर छोड़ना अशुभ है। सूखे पत्ते दुर्भाग्य लेकर आते हैं और घर में नकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। जैसे ही कोई पत्ता पीला या काला दिखे, उसे तुरंत कैंची से काटकर हटा दें। ध्यान रखें कि पत्तों को हाथ से तोड़कर न निकालें।

दूसरों को मनी प्लांट देना या उनसे लेना
कई लोग किसी के घर से मनी प्लांट की टहनी तोड़कर ले आते हैं या अपने घर का पौधा दूसरों को दान कर देते हैं। वास्तु के अनुसार, अपने घर का फलने-फूलने वाला मनी प्लांट कभी किसी को गिफ्ट नहीं करना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि इससे आप अपने घर की बरकत दूसरों को दे रहे हैं।

धूप का सीधा संपर्क
मनी प्लांट एक इनडोर प्लांट है। इसे सीधे सूर्य की रोशनी में रखने से इसके पत्ते जलने लगते हैं और पौधा सूख जाता है। मरता हुआ या मुरझाया हुआ मनी प्लांट घर में वित्तीय अस्थिरता पैदा करता है। इसे घर के अंदर या ऐसी जगह रखें जहां छनकर रोशनी आती हो।

कांच की बोतल का प्रयोग
आजकल नीले रंग की कांच की बोतल में मनी प्लांट लगाने का चलन है। वास्तु के अनुसार अगर आप इसे उत्तर दिशा में रख रहे हैं, तो नीले या हरे रंग की बोतल उत्तम है। लेकिन कभी भी इसे लाल या पीले रंग के फूलदान या बोतल में न लगाएं, यह धन के आगमन को बाधित करता है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News