Vastu Tips: घर में रखें ये पवित्र पुराण, दरिद्रता की मुक्ति के साथ होगा मां लक्ष्मी का वास
punjabkesari.in Tuesday, Jun 03, 2025 - 07:01 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Vastu Tips: भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म में पुराणों का एक विशेष स्थान है। ये केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला, नीति, आस्था और आध्यात्मिक उन्नति के मार्गदर्शक हैं। पुराणों में वर्णित कहानियां, उपदेश और दिव्य ज्ञान न केवल आध्यात्मिक विकास में सहायक होते हैं बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और सुख-समृद्धि भी लाते हैं। वास्तु शास्त्र और धर्मशास्त्र दोनों में यह उल्लेख मिलता है कि यदि कुछ विशेष पुराणों को घर में श्रद्धा और सम्मानपूर्वक रखा जाए, तो वह घर देवी-देवताओं की कृपा से भर जाता है और वहां नकारात्मक शक्तियां प्रवेश नहीं कर पातीं। आइए जानें कौन से पवित्र पुराण घर में रखने से सुख, समृद्धि और पॉजिटिव एनर्जी का वास होता है।
श्रीमद्भागवत पुराण
श्रीमद्भागवत पुराण को सभी पुराणों में श्रेष्ठ माना गया है। इसमें भगवान श्रीकृष्ण के बाल्यकाल से लेकर जीवन के विविध लीलाओं का सुंदर वर्णन है। भागवत पुराण न केवल भगवान की भक्ति का मार्ग दिखाता है बल्कि मोक्ष प्राप्ति का साधन भी माना गया है। इस पुराण को घर में रखने से वातावरण पवित्र होता है। मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन प्राप्त होता है। इससे घर में कलह-क्लेश दूर होता है और सकारात्मक ऊर्जा का प्रवाह बढ़ता है।
विष्णु पुराण
विष्णु पुराण में भगवान विष्णु की महिमा, सृष्टि की रचना, धर्म, नीति और भक्ति मार्ग का विस्तार से वर्णन किया गया है। यह ग्रंथ जीवन को सही दिशा देने में सहायक होता है। विष्णु पुराण घर में रखने से जीवन में स्थायित्व और संतुलन आता है। कार्यों में बाधाएं दूर होती हैं और संपन्नता बढ़ती है। यह घर के वातावरण को शांत और समृद्ध बनाता है।
देवी भागवत पुराण
यह पुराण मां दुर्गा, लक्ष्मी और सरस्वती के स्वरूपों का वर्णन करता है। इसमें शक्ति की उपासना को सर्वोपरि माना गया है। देवी भागवत पुराण में स्त्री शक्ति और भक्ति की शक्ति को विशेष रूप से महत्व दिया गया है। ऐसा करने से घर में दरिद्रता नहीं टिकती और लक्ष्मी का स्थायी वास होता है। इस पुराण को घर में रखने से महिलाओं को मानसिक बल और आत्मविश्वास प्राप्त होता है।
गरुड़ पुराण
गरुड़ पुराण को विशेष रूप से मृत्यु और परलोक विषयक ज्ञान के लिए जाना जाता है परन्तु यह धर्म, नीति और जीवन के विविध पहलुओं को भी दर्शाता है।