सिंहस्थ में शाही स्नान पर बड़ा बदलाव ! उज्जैन स्टेशन तक नहीं आएंगी ट्रेनें, फ्लैग स्टेशनों से बसों के जरिए घाट पहुंचेंगे श्रद्धालु

punjabkesari.in Friday, Apr 24, 2026 - 11:22 AM (IST)

Ujjain Travel Update : उज्जैन में आगामी सिंहस्थ कुंभ मेले को लेकर प्रशासन और रेलवे ने भीड़ प्रबंधन के लिए बड़ा फैसला लिया है। शाही स्नान और प्रमुख पर्वों के दौरान अब ट्रेनें सीधे उज्जैन स्टेशन तक नहीं आएंगी। इसके बजाय सभी ट्रेनों को शहर के आसपास स्थित फ्लैग स्टेशनों पर रोका जाएगा, जहां से श्रद्धालुओं को बसों के जरिए शिप्रा नदी के घाटों तक पहुंचाया जाएगा।

गुरुवार को रेलवे और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने इन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। रतलाम से विशेष सैलून द्वारा पहुंचे अधिकारियों में एडीआरएम अक्षय कुमार, एडीजी राकेश गुप्ता, संभागायुक्त आशीष सिंह, कलेक्टर रौशन सिंह, डीआईजी नवनीत भसीन और एसपी प्रदीप शर्मा शामिल रहे। टीम ने पंवासा, नईखेड़ी, पिंगलेश्वर, मोहनपुरा, विक्रमनगर और चिंतामन जैसे प्रमुख स्टेशनों का निरीक्षण किया। 

निरीक्षण के दौरान यात्रियों के प्रवेश और निकास मार्गों, भीड़ नियंत्रण व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से उनके गंतव्य तक पहुंचाया जा सके। मेला प्रशासन ने स्टेशनों से घाटों तक विशेष बस सेवाएं संचालित करने के निर्देश दिए हैं। वहीं रेलवे की ओर से नईखेड़ी स्टेशन पर चार नए प्लेटफॉर्म विकसित किए जाने की योजना है। इसके अलावा अन्य फ्लैग स्टेशनों पर भी यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। प्रशासन का मानना है कि इस नई व्यवस्था से भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी और शाही स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सकेगा।

(विशाल ठाकुर)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News