मई 2029 तक शुद्ध हो जाएगी यमुनाः शाह
punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 08:30 AM (IST)
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स) : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यमुना नदी को साफ करने के उद्देश्य से 8,941 करोड़ रुपए की 43 परियोजनाओं की गुरुवार को आधारशिला रखी।
शाह ने कहा कि दिल्ली सरकार ने यमुना में प्रवाहित होने वाले सीवर के पानी की मात्रा को कम किया है। उन्होंने संकल्प लिया कि भाजपा सरकार मई 2029 तक दिल्ली में यमुना की पूरी तरह सफाई सुनिश्चित करेगी। उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस और ‘आप’ सरकारों पर यमुना को दूषित करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस व ‘आप’ सरकारों ने यमुना में सीवर का पानी गिरने दिया, लेकिन हम मई 2029 तक यमुना को साफ कर देंगे। शाह ने कहा कि ये परियोजनाएं यमुना नदी की सफाई की रीढ़ की तरह हैं। केंद्र, दिल्ली सरकार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा ये चार इंजन जनता को स्वच्छ यमुना और पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। नजफगढ़ में हुए कार्यक्रम में शुरू की गई परियोजनाओं में ओखला में एक नया सीवेज शोधन संयंत्र (एसटीपी), 29 विकेंद्रीकृत सीवेज शोधन संयंत्र (डीएसटीपी) और नई सीवर लाइन शामिल हैं। उद्घाटन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और जल मंत्री प्रवेश वर्मा व अन्य मौजूद रहे। अमित शाह ने कहा कि पिछली सरकारें केवल बहाने बनाती थीं, लेकिन अब वर्तमान भाजपा सरकार मई 2029 से पहले यमुना को साफ कर देगी। योजना तीन साल में हर घर में सीवर कनेक्शन और पीने का साफ पानी उपलब्ध कराने
की है।
शाह ने लगातार हो रहे प्रदर्शन व वोट चोरी के कांग्रेस के आरोप पर सीधा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हैं, लेकिन वे खुद कई राज्यों में दशकों से सत्ता से बाहर हैं। शाह ने कहा कि अगले 30 साल तक भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के सत्ता में आने का कोई मौका नहीं है।
उन्होंने कहा, ‘भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ता और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जनता के बीच रहते हैं, उनकी समस्याओं को समझते हैं और उन्हें हल करने के लिए लगातार काम करते हैं।’ उन्हाेंने ‘आप’ की पंजाब सरकार और आप संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भी निशाना साधा।
