उज्जैन में आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब, लाखों श्रद्धालुओं ने किए महाकाल, नागचंदेश्वर भगवान के दर्शन

punjabkesari.in Wednesday, Aug 19, 2026 - 08:53 AM (IST)

उज्जैन में नागपंचमी और सावन के तृतीय सोमवार के अवसर पर आस्था का अभूतपूर्व जनसैलाब देखने को मिला। 24 घंटे तक चले इस विशेष आयोजन में देशभर से लाखों श्रद्धालु उज्जैन पहुंचे और भगवान श्री महाकालेश्वर, श्री नागचंद्रेश्वर, बाबा महाकाल की सवारी तथा श्री काल भैरव के दर्शन किए।

आंकड़ों के मुताबिक, श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर में 12 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। वहीं श्री महाकालेश्वर मंदिर में करीब 4 लाख 80 हजार श्रद्धालु पहुंचे। बाबा महाकाल की सवारी में भी लाखों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया, जबकि करीब 1 लाख 50 हजार श्रद्धालुओं ने श्री काल भैरव मंदिर में दर्शन किए। 

श्री नागचंद्रेश्वर मंदिर में पिछले वर्ष जहां करीब 8 लाख श्रद्धालु पहुंचे थे, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 12 लाख से अधिक हो गया। सामान्य दिनों में महाकाल मंदिर में करीब ढाई से तीन लाख श्रद्धालुओं की तुलना में इस आयोजन के दौरान कई गुना अधिक श्रद्धालु पहुंचे। 

श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड संख्या उज्जैन की बढ़ती धार्मिक पहचान और बाबा महाकाल के प्रति देशभर में बढ़ती आस्था को दर्शाती है। इतना ही नहीं, यह विशाल जनसैलाब आगामी सिंहस्थ महापर्व की तैयारियों और संभावित जनभागीदारी की भी झलक प्रस्तुत करता है। सिंहस्थ को छोड़कर उज्जैन के इतिहास में इतने बड़े पैमाने पर श्रद्धालुओं का जुटना एक ऐतिहासिक अवसर माना जा रहा है।

-विशाल ठाकुर, उज्जैन


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News