सावन के पहले सोमवार पर महाकाल दरबार में उमड़ा आस्था का महासैलाब, हर-हर महादेव से गूंजा उज्जैन
punjabkesari.in Monday, Aug 03, 2026 - 12:21 PM (IST)
Ujjain Mahakal mandir News : श्रावण मास के पहले सोमवार पर धर्मनगरी उज्जैन में आस्था का अद्भुत सैलाब देखने को मिला। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में देर रात से ही हजारों श्रद्धालु बाबा महाकाल के दर्शन के लिए कतारों में जुटने लगे। "हर-हर महादेव" और "जय श्री महाकाल" के गगनभेदी जयकारों से पूरी महाकाल नगरी भक्तिमय माहौल में डूबी रही।

आज तड़के करीब 2:30 बजे मंदिर के पट खोले गए, जिसके बाद परंपरा के अनुसार सबसे पहले सभा मंडप में वीरभद्रजी के कान में स्वस्तिवाचन कर भगवान महाकाल से आज्ञा ली गई। इसके बाद गर्भगृह के पट खोले गए और पुजारियों ने भगवान का श्रृंगार उतारकर पंचामृत पूजन एवं कर्पूर आरती संपन्न की। नंदी हाल में भी नंदी महाराज का स्नान, ध्यान और विधि-विधान से पूजन किया गया।

भगवान महाकाल का जलाभिषेक करने के बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक किया गया। इसके पश्चात भांग, चंदन, ड्राय फ्रूट, आभूषण और दिव्य वस्त्रों से बाबा महाकाल का राजाधिराज स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। भगवान गणेश, माता पार्वती और भगवान कार्तिकेय का पूजन कर फल, मिष्ठान और नैवेद्य अर्पित किया गया। महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से परंपरा के अनुसार भगवान महाकाल को पवित्र भस्म अर्पित की गई।
भस्म आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दिव्य दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान महाकाल निराकार से साकार रूप में भक्तों को दर्शन देते हैं। पहले सावन सोमवार पर उमड़ी श्रद्धा ने एक बार फिर उज्जैन को शिवभक्ति के रंग में रंग दिया और पूरा मंदिर परिसर "हर-हर महादेव" के जयघोष से गूंज उठा।

(विशाल ठाकुर)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
