Tulip Garden Srinagar : श्रीनगर में पर्यटकों के लिए खुला एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप गार्डन
punjabkesari.in Tuesday, Mar 17, 2026 - 07:55 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
जम्मू/श्रीनगर (सतीश): मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने श्रीनगर में स्थित इंदिरा गांधी स्मृति ट्यूलिप उद्यान में ट्यूलिप महोत्सव–2026 का शुभारंभ किया। इसके साथ ही एशिया का सबसे बड़ा ट्यूलिप उद्यान दर्शकों के लिए खोल दिया गया।
जबरवान पर्वतमाला की तलहटी में स्थित इस प्रसिद्ध उद्यान में इस वर्ष लगभग 18 लाख ट्यूलिप खिले हैं, जो 70 से अधिक किस्मों में हैं। इस सीढ़ीनुमा उद्यान में खिले रंग-बिरंगे फूल दर्शकों और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्यूलिप महोत्सव कश्मीर घाटी के प्रमुख पर्यटन आयोजनों में से एक बन चुका है। उन्होंने पुष्पकृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उद्यान को समय पर तैयार करने के लिए सभी ने सराहनीय कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में ट्यूलिप के कंदों के आयात पर निर्भरता कम करने के लिए स्थानीय स्तर पर इनके उत्पादन को बढ़ावा देने के प्रयास किए जाएंगे।
इस वर्ष ट्यूलिप के साथ-साथ लगभग एक लाख अन्य कंदीय पुष्प, जिनमें डैफोडिल, हायसिंथ और नार्सिसस शामिल हैं, भी लगाए गए हैं। ट्यूलिप महोत्सव–2026 के दौरान यहां हजारों दर्शकों और पर्यटकों के आने की संभावना जताई जा रही है।
