आज जिनका जन्मदिन है, जानें कैसा रहेगा आने वाला साल
punjabkesari.in Sunday, Mar 21, 2021 - 09:36 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Today's Birthday Prediction in hindi:- आज आप के जन्मदिन की आप को बहुत शुभकामनाएं । 21 मार्च में जन्में व्यक्तियों का मूलांक 3 होता है जिन के स्वामी बृहस्पति देव हैं। मूलांक 3 वाले जातक विद्वान और ज्ञानवान होते हैं। इन लोगों का स्वभाव सात्विक और धार्मिक होता है। ये लोग परंपराओं का सम्मान करते हैं। मूलांक 3 वाले जातक बहुत सक्रिय होते हैं। इनकी संकल्प शक्ति काफी मजबूत होती है। ये लोग जिस भी क्षेत्र में कार्य करते हैं उसमें दक्ष होते हैं। ये लोग अपने हर कार्य को संपूर्ण तरीके से करते हैं। ये लोग अच्छे लोगों की संगत में रहते हुए हमेशा आगे बढ़ते हैं। मूलांक 3 वाले जातक शिक्षा के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करते हैं। इनकी शिक्षा उच्च कोटि की रहती है। ये शिक्षा के क्षेत्र में सफल होते हैं। ये लोग प्रतिभाशाली और महत्वाकांक्षी होते हैं। मूलांक 3 वाले जातक समय का सदुपयोग करते हैं और अपने जीवन लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए लगातार प्रयासरत रहते हैं। मूलांक 3 वाले जातक अपनी बातों से नहीं मुकरते, ये लोग विश्वसनीय होते हैं। इन लोगों का अनुभव इनकी उम्र से ज्यादा होता है।
इनकी सोच काफी परिपक्व होती है। मूलांक 3 वाले जातक ईमानदार और स्वाभिमानी होते हैं। ये लोग प्रतिकूल परिस्थितियों में भी हार नहीं मानते। इन लोगों को किसी के आगे झुकना पसंद नहीं आता। ये किसी का एहसान लेना पसंद नहीं करते। मूलांक 3 वाले जातक मेहनत करने से कभी घबराते नहीं हैं। विपरीत परिस्थितियों के सामने जल्दी से घुटने नहीं टेकते और अंत में सफलता हासिल करते हैं। आज जिन जातकों का जन्मदिन है यह वर्ष आपके लिए शुभ परिणाम लेकर आया है। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े जातकों के लिए यह साल विशेष शुभ रहेगा। मार्च के महीने का समय विद्यार्थियों के लिए अच्छा है। वाणिज्य के क्षेत्र से जुड़े लोगों को लाभ प्राप्त होगा। अप्रैल के महीने में विवाह योग्य जातकों को शादी के प्रस्ताव प्राप्त हो सकते हैं। आपके सभी कार्य सफल होंगे।
मई के महीने में आपका ध्यान ज्योतिष विद्या की ओर आकर्षित हो सकता है। सरकारी काम बनने के योग बनते हैं। जून के महीने में पिता के साथ वैचारिक मतभेद संभव है। बेहतर होगा कि बात को विनम्रता के साथ सुलझाया जाए, अन्यथा मतभेद को मनभेद बनते देर नहीं लगेगी। जुलाई के महीने का समय बेहतर रहेगा। आप किसी समाज कल्याण इकाई से जुड़कर समाज सेवा के कार्य में भाग ले सकते हैं। मित्रों के साथ अच्छा समय बीतेगा। अधूरे काम पूरे होंगे। अगस्त के महीने में किसी नए कार्य की शुरुआत की जा सकती है। आप पहले से अधिक मनोबल महसूस करेंगे। सितंबर के महीने में भावनाओं में वृद्धि होगी। व्यापार में साझेदारी के प्रस्ताव प्राप्त होंगे, परंतु कोई भी बड़ा निर्णय सोच समझ कर लें। अक्टूबर के महीने में जीवन साथी के साथ संबंधों में खटास आ सकती है।
आप हर चीज में संपूर्णता ढूंढने के कारण जीवन को आनंद से जीने में चूक कर जाएंगे। नवंबर के महीने का समय सावधानी से बिताएं। परिवार में किसी बुजुर्ग को स्वास्थ्य संबंधी तकलीफ हो सकती है। मन को भटकने से रोके, अच्छे परिणाम प्राप्त होंगे। दिसंबर के महीने में व्यवसाय में तरक्की के योग बनते हैं। वर्ष 2022 के जनवरी के महीने का समय अच्छा रहेगा। कार्य कम प्रयास से सफल होंगे, परंतु थोड़े विलंब का सामना करना पड़ेगा। फरवरी के महीने में रिसर्च के क्षेत्र से जुड़े लोग शुभ परिणाम प्राप्त करेंगे।
उपाय-
इस वर्ष के शुभ फल प्राप्त करने के लिए पीपल के वृक्ष पर सरसों के तेल का दीपक जलाएं। बुजुर्गों एवं गुरुजनों का सम्मान करें। हनुमान चालीसा का पाठ करें। लाल रंग का रुमाल अपने पास रखें। यथासंभव चांदी के पात्र में जल पियें। काले और नीले रंग से परहेज करें। काला सफेद कम्बल मंदिर में दान दें। क्रोध पर काबू रखें। व्यायाम और योग करें।
आचार्य लोकेश धमीजा
वेबसाइट –www.goas.org.in