1 महीने तक इन राशियों की जिंदगी में होगा कमाल
punjabkesari.in Wednesday, Feb 14, 2024 - 08:04 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Surya Gochar 2024: 1 साल के बाद 13 फरवरी को कुंभ राशि में सूर्य और शनि का कंबीनेशन बन गया है। हमारे शास्त्रों में इन दोनों ग्रहों को पिता-पुत्र बताया गया है लेकिन दोनों ग्रह एक-दूसरे के धुर विरोधी भी हैं। जब दोनों एक ही राशि में एक साथ इकट्ठे हो जाते हैं तो कई राशियों को जबरदस्त फल भी देते हैं। शनि देव हर ढाई साल के बाद राशि बदलते हैं और सूर्य हर महीने राशि बदलते हैं। ऐसे में साल में एक मौका ऐसा आता है जब 1 महीने के लिए दोनों ग्रह एक साथ आ जाते हैं और जब दोनों ग्रह एक साथ आ जाते हैं तो ज्योतिष की दुनिया में जबरदस्त हलचल हो जाती है। ऐसी ही हलचल 13 फरवरी से एक बार फिर होनी आरंभ हो गई है।
हमारे ज्योतिष में और हमारे सौरमंडल में ग्रहों के राजा कहे जाने वाले सूर्यदेव 13 फरवरी को मकर राशि से निकलकर कुंभ राशि में प्रवेश कर चुके हैं। जहां पर शनि देव पहले से मौजूद हैं और 2024 में पूरा साल किसी कुंभ राशि में रहने वाले हैं। ऐसे में एक महीने के लिए कुंभ राशि में सूर्य और शनि की युति बनेगी और यह युति कई राशियों की जिंदगी में कमाल करके दिखाएगी।
एक महीना कुंभ राशि में रहकर दोनों ग्रह कई राशियों पर अपनी कृपा बरसाएंगे और धन की बरसात भी करेंगे। करियर में चार चांद भी लगाएंगे। कोर्ट-कचहरी के मामले में कामयाबी भी देंगे । कई राशियों की किस्मत में कामयाबी लिखते चले जाएंगे। ऐसी भाग्यशाली राशियां कौन सी हैं, जानिए
सूर्य को ज्योतिष में ग्रहों का राजा माना गया है क्योंकि उनकी ऊर्जा से ही दुनिया चलती है और वह व्यक्ति को सफलता, पराक्रम, आत्मविश्वास देते हैं। ज्योतिष में व शास्त्रों में सूर्य को आत्मा का कारक ग्रह होने के साथ ही हमारे मान-सम्मान व अपमान का भी कारक माना जाता है। जिस व्यक्ति की कुंडली में सूर्य मजबूत स्थिति में होता है, उसे समाज में मान-सम्मान और समृद्धि की प्राप्ति होती है। सूर्य ऐसा ग्रह है जो कभी वक्री गति नहीं करता। सूर्य देव को प्रत्यक्ष देवता भी कहा जाता है, जो हमें प्रतिदिन दर्शन देते हैं। शास्त्रों में इनकी उपासना से मिलने वाले शुभ फलों की लंबी सूची है। धार्मिक मान्यताओं की मानें तो यह ताकत, अधिकार, यश, नौकरी आदि के देवता हैं। इनकी पूजा विधि-विधान से करने से उपरोक्त मनोकामनाएं पूरी होती हैं।
इसी तरह शनि देव को हमारे ज्योतिष में और नवग्रहों में एक प्रमुख स्थान हासिल है। इन्हें न्याय का देवता और कर्म का कारक माना गया है। ऐसा माना जाता है कि शनि देव जिस पर प्रसन्न हो जाएं, उसे रंक से राजा बना देते हैं और जिन पर उनकी क्रूर दृष्टि पड़ती है, उस व्यक्ति की मुसीबतें बढ़ जाती हैं। ऐसा भी माना जाता है कि हमारे इसी जीवन में शनि हमारे कर्मों के मुताबिक हमें फल देते हैं।
13 फरवरी से जब कुंभ राशि में सूर्य और शनि की युति बनेगी तो जिन राशियों को जबरदस्त लाभ मिलेगा, उनमें पहले भाग्यशाली राशि सूर्य की अपनी सिंह राशि है। सिंह राशि वालों के लिए सूर्य देव का राशि परिवर्तन अत्यंत लाभकारी साबित हो सकता है, क्योंकि सूर्य देव आपकी राशि से सप्तम भाव पर भ्रमण करने जा रहे हैं। साथ ही सूर्य देव आपकी राशि के स्वामी भी हैं। यह समय विवाहित लोगों के लिए शानदार साबित होगा। साथ ही जीवनसाथी के साथ अच्छा तालमेल रहेगा। वहीं कड़ी मेहनत करने से आपको सफलता जरूर मिलेगी। नौकरी में किसी प्रकार का बदलाव हो सकता है और यह आपके पक्ष में होगा। वहीं आपको पार्टनरशिप के काम में अच्छा लाभ होगा।
दूसरी भाग्यशाली राशि वृषभ राशि है। वृषभ राशि के लिए सूर्य देव का राशि परिवर्तन लाभकारी सिद्ध हो सकता है। क्योंकि सूर्य देव का गोचर कर्म भाव पर होने जा रहा है। अगर आप कारोबारी हैं तो आपको अच्छा धन-लाभ हो सकता है। साथ ही करियर में आपके लिए शीर्ष पर पहुंचने के योग बन रहे हैं और आपको कारोबार में कहीं से रुका धन मिलने से पुरानी योजनाएं फिर से आरंभ हो सकती हैं। वहीं नौकरीपेशा लोगों को कार्यक्षेत्र पर कोई नई जिम्मेदारी मिल सकती है। साथ ही मनचाही जगह ट्रांसफर हो सकता है।
तीसरी भाग्यशाली राशि कन्या राशि है। सूर्य का गोचर कन्या राशि वालों के लिए प्रोफेशनल लाइफ में उन्नति लेकर आएगा। प्रमोशन या वेतन वृद्धि की उम्मीद कर रहे लोगों की इच्छा पूरी हो सकती है। सरकारी लेन-देन या कारोबार में लगे लोगों को फायदा होने की उम्मीद है। आपकी पिछले वर्ष की कड़ी मेहनत के ठोस परिणाम नजर आएंगे। आपका समाज के प्रभावशाली लोगों से परिचय होगा, जिनसे बने संपर्क कई कार्यों में आपको लाभ पहुंचाएंगे। कामकाज की दृष्टि से यह गोचर आपके लिए शुभ रहेगा। नौकरी-कारोबार में कई सफलताएं हासिल होंगी। सहकर्मी और वरिष्ठ अधिकारी आपके कार्य की सराहना करेंगे। नौकरी बदलने की सोच रहे जातकों को नए ऑफर लेटर मिल सकते हैं। आपको कार्यक्षेत्र से जुड़ा कोई पुरस्कार मिलने का भी योग है।
चौथी भाग्यशाली राशि मकर राशि है। मकर राशि वालों के लिए सूर्य देव का गोचर बहुत अनुकूल साबित होने वाला है। सूर्य देव आपकी गोचर कुंडली के इनकम और लाभ भाव पर भ्रमण करने जा रहे हैं। इसलिए इस दौरान आपकी आय में जबरदस्त इजाफा हो सकता है। साथ ही निवेश से लाभ के योग बन रहे हैं। वहीं अच्छा पैसा कमाने में भाग्य आपका साथ देगा और आप खर्च भी अपने मन के अनुसार अच्छी जगह पर कर पाएंगे। साथ ही सूर्य देव आपकी राशि से अष्टम भाव के स्वामी हैं। इसलिए जो लोग रिसर्च के क्षेत्र से जुड़े हुए हैं, उनको यह समय शानदार साबित होगा।
पांचवी भाग्यशाली राशि मीन राशि है। मीन वाले अपने परिवार या छोटे भाई-बहनों के साथ कहीं तीर्थ यात्रा पर जाने की योजना बना सकते हैं। विद्यार्थियों के लिए यह गोचर काफी फायदा लेकर आएगा। इनकम में बढ़ोतरी होगी। जो भी काम शुरू करेंगे, उसमें आपको सफलता मिलेगी। इंक्रीमेंट के साथ प्रमोशन का योग बन रहा है। आपको बिजनेस में तरक्की मिल सकती है। आप अपने कारोबार का विस्तार कर सकते हैं। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सूर्य गोचर शुभ रहेगा। जीवनसाथी के साथ आपके संबंध मजबूत रहेंगे।
गुरमीत बेदी
9418033344