गणेश जी का सबसे लोकप्रिय रूप ‘सिद्धिविनायक’, मुंबई में विराजमान
punjabkesari.in Tuesday, Jan 11, 2022 - 06:16 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
गणेश जी के यूं तो कई स्वरूप धार्मिक शास्त्रों में वर्णित है। परंतु इनका जो रूप सबसे अधिक मनमोहक वो है सिद्धिविनायक। श्री सिद्धिविनायक मंदिर, मुम्बई स्थित एक प्रसिद्ध गणेश मंदिर है। सिद्धिविनायक, गणेश जी का सबसे लोकप्रिय रूप है। गणेश जी की जिन प्रतिमाओं की सूंड दाईं तरफ मुड़ी होती है, वे सिद्ध पीठ से जुड़ी होती हैं और उनके मंदिर सिद्धिविनायक मंदिर कहलाते हैं। मान्यता है कि ऐसे गणपति बहुत ही जल्दी प्रसन्न होते हैं और उतनी जल्दी कुपित भी होते हैं। मुम्बई के प्रभादेवी इलाके का सिद्धिविनायक मंदिर उन गणेश मंदिरों में से एक है जहां सिर्फ हिन्दू ही नहीं बल्कि हर धर्म के लोग दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आते हैं। सिद्धिविनायक मंदिर की इमारत 5 मंजिला है।
श्री बैजनाथ मंदिर
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के बैजनाथ उपमंडल में स्थित ऐतिहासिक शिव मंदिर विश्व भर के शिव भक्तों के लिए आस्था का केंद्र है। यह मंदिर पठानकोट मंडी से करीब 16 कि.मी. की दूरी पर स्थित है। इस मंदिर से धौलाधार की वादियों का सौंदर्य देखते ही बनता है। यह मंदिर अपनी पौराणिक कथाओं, वास्तुकला और सुंदरता के लिए प्रसिद्ध है। पौराणिक कथाओं और उपलब्ध ऐतिहासिक साक्ष्यों के अनुसार इस मंदिर का निर्माण कार्य ‘आहुका’ और ‘ममूक’ नामक दो व्यापारी भाइयों ने 1204 ईस्वी में किया था।
शीतला माता मंदिर
हरियाणा के गुडग़ांव स्थित शीतला माता मंदिर को एक शक्ति पीठ माना जाता है। स्कंद पुराण में शीतला माता को ‘चेचक’ (बड़ी माता) की देवी माना जाता है। गुरुग्राम का शीतला माता धाम करीब 400 साल पहले तक दिल्ली के केशोपुर में था। 1910 में तैयार रिकॉर्ड के अनुसार करीब अढ़ाई-तीन सौ साल पहले शीतला माता ने गुडग़ांव के सिंघा जाट नामक व्यक्ति को सपने में दर्शन देकर गुरुग्राम में मंदिर बनाने को कहा।