Shiv Navratri 8th Day Shringar : शिवनवरात्रि के आठवें दिन उमा-महेश स्वरूप में प्रकट हुए महाकाल, दिव्य श्रृंगार ने मोहा भक्तों का मन
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 03:38 PM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Shiv Navratri 8th Day Shringar : श्री महाकालेश्वर मंदिर में शिवनवरात्रि पर्व के आठवें दिन शुक्रवार को भक्ति और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। प्रातः 8 बजे कोटितीर्थ के तट पर विधि-विधान से श्री गणेश पूजन के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई।
इसके पश्चात श्री कोटेश्वर महादेव का पूजन-अर्चन और अभिषेक किया गया। मंदिर के मुख्य पुजारी घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में 11 ब्राह्मणों ने एकादश-एकादशनी रूद्रपाठ कर भगवान का विशेष अभिषेक संपन्न कराया।
वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। दोपहर 3 बजे संध्या पूजन के बाद भगवान महाकाल का उमा-महेश स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। भगवान को आकर्षक पगड़ी, रजत मुंड-माला और छत्र अर्पित किए गए, वहीं माता पार्वती को मनोहारी आभूषणों से अलंकृत किया गया। इस दिव्य स्वरूप के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े।
मंदिर प्रशासन के अनुसार 15 फरवरी तक प्रतिदिन सायंकाल भगवान महाकाल अलग-अलग स्वरूपों में दर्शन देंगे। 14 फरवरी को शिव तांडव और 15 फरवरी को सप्तधान मुखौटा स्वरूप में विशेष दर्शन होंगे। श्रद्धालुओं में उत्साह का वातावरण बना हुआ है।
विशाल ठाकुर
