नवरात्र: श्रद्धालुओं ने की नवरात्रि के छठवें दिन की मां कात्यायनी की पूजा, मंदिरों व पंडालों में गूंजे जयकारे
punjabkesari.in Monday, Sep 29, 2025 - 08:14 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): शारदीय नवरात्र की षष्ठी तिथि पर रविवार को राजधानी दिल्ली भक्तिमय रंग में रंगी रही। इस अवसर पर मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा-अर्चना हजारों श्रद्धालुओं ने बड़े उत्साह और आस्था के साथ की। सुबह से ही मंदिरों और दुर्गा पंडालों में लंबी कतारें लग गईं और दिनभर जय माता दी के स्वर गूंजते रहे।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार मां कात्यायनी को शत्रु विनाशिनी कहा जाता है। उनकी आराधना से विवाह संबंधी बाधाएं दूर होती हैं और साधक को साहस, बल और विजय प्राप्त होती है। नवरात्र की षष्ठी तिथि पर मां की पूजा से व्यक्ति के जीवन से शत्रु और नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है। भक्तों ने इस दिन मां को प्रसन्न करने के लिए नारंगी रंग के वस्त्र धारण किए। यह रंग ऊर्जा, उत्साह और साहस का प्रतीक माना जाता है। महिलाएं नारंगी साड़ी और लहंगे में सजधज कर पंडालों में पहुंचीं, वहीं युवाओं ने भी इस रंग के कुर्ते-पायजामे और एथनिक परिधान पहनकर पूजा में भाग लिया।
दिल्ली के प्रमुख मंदिरों कालकाजी मंदिर, झंडेवाला मंदिर, श्री दुर्गा मंदिर (सीआर पार्क), लक्ष्मी नारायण मंदिर (बिड़ला मंदिर) में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह स्थापित दुर्गा पंडालों में आकर्षक सजावट और मां की भव्य प्रतिमाओं ने वातावरण को और भी पावन बना दिया। भक्तों ने मां को फूल, नारियल, फल और दीप अर्पित किए। कई स्थानों पर मां कात्यायनी को खास भोग खीर, हलवा और केले का प्रसाद चढ़ाया गया। बच्चों और बुजुर्गों ने भी उत्साहपूर्वक मां के दर्शन किए।