नवरात्रि 2021: नौ देवियों के साथ नौ ग्रहों को भी करें प्रसन्न!

punjabkesari.in Wednesday, Oct 06, 2021 - 12:13 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
देवी के भक्तों को नवरात्रि का बहुत शिद्धत से इंतजार रहता है। नवरात्रि के नौ दिनों में देवी दुर्गा के 9 स्वरूपों की पूजा की जाती है। नवरात्रि में मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा के साथ-साथ नौ ग्रहों को शांत करने का सुनहरा अवसर भी हमें हासिल होता है क्योंकि हर देवी का संबंध किसी ना किसी ग्रह से जरूर है। जब हम इन देवियों की नवरात्रि के दौरान पूजा करते हैं तो उस देवी से संबंधित ग्रह दोष भी शांत हो जाते हैं और पुण्य फल मिलने लगते हैं। शरद नवरात्रि 7 अक्टूबर  बृहस्पतिवार से आरंभ हो रही हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार इन नौ दिनों तक नवरात्रि के दिनों में मां  दुर्गा के नौ स्वरूपों शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी,  चंद्रघंटा , कूष्मांडा,  स्कंदमाता,  कात्यायनी, कालरात्रि,  महागौरी और सिद्धिदात्री माता की पूजा अर्चना की जाती है।

नवरात्रि के दौरान किस देवी की आराधना से किस ग्रह के दोष से मुक्ति पायी जा सकती है। सबसे पहले बता दें कि इस बार नवरात्रि 9 दिनों की बजाय 8 दिनों की होगी क्योंकि इस बार चतुर्थी और पंचमी एकसाथ होने से कुष्मांडा माता और स्कंदमाता की आराधना एक साथ होगी। नवरात्रि में माता डोली पर सवार होकर आएंगी। घटस्थापना का शुभ मुहूर्त 07 अक्टूबर को सुबह 06:17 बजे से 07:07 बजे के मध्य का होगा।

देवी के नौ स्वरूपों में से शैलपुत्री की पूजा करने से चंद्रमा से संबंधित दोष दूर होते हैं। ब्रह्मचारिणी की पूजा करने से कुंडली में मंगल ग्रह से संबंधित दोषों से मुक्ति मिलती है। चंद्रघंटा की पूजा करने से शुक्र ग्रह से संबंधित दोष दूर होते हैं और शुक्र ग्रह मजबूत होते हैं। मां कूष्माण्डा सूर्य का मार्गदर्शन करती हैं अतः इनकी पूजा से सूर्य के सभी दोषों से मुक्ति पाई जा सकती है और सूर्य के कुप्रभावों से बचा जा सकता है।

मां स्कंदमाता की पूजा से कुंडली में बुध ग्रह से संबंधित दोष दूर होते हैं। मां कात्यायनी की आराधना से गुरू के दोषों का निवारण होता है और देव  गुरू बृहस्पति को मजबूती मिलती है। इसी तरह मां कालरात्रि की आराधना से शनि से संबंधित सभी दोषों से मुक्ति मिलती है। मां महागौरी की विधिवत पूजा अर्चना से राहु से संबंधित दोषों का नाश होता है। माता सिद्धिदात्री की पूजा केतु से संबंधित सभी दोषों को समाप्त करती हैं। 

गुरमीत बेदी 
gurmitbedi@gmail.com


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jyoti

Recommended News

Related News