Sharad Purnima 2025: शरद पूर्णिमा कब और कैसे करें पूजा ? जानिए शुभ मुहूर्त और खास जानकारी
punjabkesari.in Thursday, Sep 18, 2025 - 05:00 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Sharad Purnima 2025: हर माह में 2 बार पूर्णिमा का व्रत रखा जाता है लेकिन इन सब में से शरद पूर्णिमा सबसे खास मानी जाती है। इस दिन चंद्र सोलह कलाओं के साथ परिपूर्ण होता है। पंचांग के अनुसार हर वर्ष आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि को शरद पूर्णिमा मनाई जाती है। इस दिन पूजा-पाठ करने से दोगुना फल प्राप्त होता है और इस दिन के बाद से ही कार्तिक महीने की शुरुआत हो जाती है। इसके अलावा इस दिन श्री कृष्ण अपनी गोपियों संग रासलीला करते हैं, इस वजह से इस दिन की मान्यता और भी ज्यादा बढ़ जाती है। तो चलिए ज्यादा देर न करते हुए जानते हैं वर्ष 2025 में शरद पूर्णिमा का व्रत कब रखा जाएगा।
Sharad Purnima Date शरद पूर्णिमा तिथि
हिन्दू पंचांग के अनुसार इस वर्ष शरद पूर्णिमा का व्रत 6 अक्टूबर, सोमवार के दिन रखा जाएगा। इस दिन चांद निकलने का समय 5 बजकर 27 मिनट पर है। पूर्णिमा तिथि की शुरुआत 6 अक्टूबर को दोपहर 12.23 मिनट पर होगी और अगले दिन 7 अक्टूबर को सुबह 9 बजे इसका समापन हो जाएगा।
Importance of Sharad Purnima शरद पूर्णिमा का महत्व
शरद पूर्णिमा को कोजागरा पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन चंद्र देव की पूजा का महत्व पहले से भी ज्यादा बढ़ जाता है। शरद पूर्णिमा की रात चन्द्रमा की एनर्जी इतनी पॉजिटिव हो जाती है कि इस दौरान किये गए कुछ ज्योतिष उपचार आपकी सारी परेशानी को दूर करने का काम करते हैं।
खासतौर पर इस दिन लोग खीर बनाकर चांद की रौशनी में रख देते हैं और अगले दिन इसका सेवन करते हैं। इस दिन चंद्रमा में से अमृत बरसता है और इस रौशनी में रखी हुई वस्तु औषधी बन जाती है। इसी के साथ शरद पूर्णिमा के दिन लोग जगत के पालनहार भगवान विष्णु और मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं और सत्यनारायण भगवान की कथा पढ़ी जाती है।