साहित्य अकादमी के साहित्योत्सव का 5वां दिन: लोकप्रिय चेतना में राम कथा विषय पर हुई चर्चा

punjabkesari.in Saturday, Mar 16, 2024 - 07:14 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): साहित्य अकादमी द्वारा मनाए जा रहे विश्व के सबसे बड़े साहित्योत्सव का पांचवां दिन था। 35 सत्रों में विभाजित कार्यक्रमों में अनेक महत्त्वपूर्ण विषयों पर परिचर्चाएं आयोजित की गई जिनमें जानेमाने लेखकों एवं विद्वानों ने भाग लिया। लोकप्रिय चेतना में रामकथा विषय पर दो सत्र आयोजित किए गए। प्रथम सत्र की अध्यक्षता साहित्य अकादेमी की उपाध्यक्ष कुमुद शर्मा ने की और इसमें आनंद नीलकांतन, हिरोयुकी सातो, इंदुशेखर तत्पुरुष एवं युगल जोशी ने भाग लिया। 

स्वागत भाषण साहित्य अकादमी के सचिव के. श्रीनिवासराव ने किया। अध्यक्षीय वक्तव्य देते हुए अकादमी की उपाध्यक्ष कुमुद शर्मा ने कहा कि राम हमारे अस्तित्व का एक अनिवार्य हिस्सा हैं और हमारे आदर्श हैं। आगे उन्होंने कहा कि राम हमारे लिए भावपुरुष है न कि इतिहास पुरुष। राम हमारी आंतरिक मनोभूमि का हिस्सा हैं। नीलकांतन ने रामायण के अन्य क्षेत्रीय और लोक संस्करणों के बारे में बताया। 

उन्होंने कहा कि रामकथा के विभिन्न संस्करणों में परिवर्तन हमारी सामाजिक व्यवस्था के विकास के कारण हुए, जिसका उपयोग समकालीन युग के साथ समायोजित होने के लिए किया गया है। इंदुशेखर तत्पुरुष ने कहा कि राम की सनातन चेतना को ही समय-समय पर अलग-अलग संस्कृतियों में दोहराया गया है। राम की लोकप्रियता धर्म के प्रति उनकी आस्था के कारण है। युगल जोशी ने जनता के बीच रामायण की लोकप्रियता के कारणों पर विचार-विमर्श किया। उन्होंने रामायण की उत्पत्ति के संबंध में प्रचलित विभिन्न कहानियों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने मध्यकालीन युग के भक्ति साहित्य पर रामायण के प्रभाव पर भी बात की।

भारत की सांस्कृतिक विरासत सत्र की अध्यक्षता एस.एल. भैरप्पा. ने की। उन्होंने कहा कि महाभारत सांस्कृतिक मूल्यों का सबसे समृद्ध साहित्यिक कोश है। उन्होंने कुछ महान भारतीय उपन्यासों और उनके दार्शनिक आधारों का उल्लेख किया। नंदकिशोर आचार्य ने भारतीय मूल्य व्यवस्था के स्रोत के बारे में बताया। इन कार्यक्रमों में भाग लेने वाले महत्त्वपूर्ण लेखक थे- मृदुला गर्ग, पुरुषोत्तम अग्रवाल, शीनकाफ निजाम, श्रीराम परिहार, जेरी पिंटो, अब्दुल बिस्मिल्लाह, कपिल तिवारी, महेंद्र कुमार मिश्र, अनंत विजय, मालाश्री लाल, शरणकुमार लिंबाले एवं श्यौराज सिंह बेचैन आदि।

साहित्योत्सव के अंतिम दिन कल का मुख्य आकर्षण बच्चों पर केंद्रित कार्यक्रम ‘आओ कहानी बुने’ होगा जिसमें बच्चों के लिए चित्रकला, साहित्यिक प्रश्नोत्तरी एवं वक्तृत्व प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया है।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Recommended News

Related News