Market Astrology (10 जून से 16 जून तक) : आने वाले सप्ताह में सितारों का मार्कीट पर प्रभाव
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 08:19 AM (IST)
Market Astrology: आलोच्य सप्ताह (10 जून से 16 जून तक) के प्रारंभिक हिस्से में कोई सितारा अपनी राशि या पोजीशन चेंज नहीं करता, इसलिए ग्रह योग किसी बदलाव के बगैर ज्यूं का त्यूं ही बना रहता है किंतु आखिरी हिस्से में सूर्य मिथुन राशि पर प्रवेश करके चल रहे ग्रह योग को तोड़ता तथा किए नए ग्रह योग को अस्तित्व में लाता है। इसके अतिरिक्त बुध, शुक्र तथा मंगल नक्षत्र पर तथा नैपच्यून नक्षत्र के चरण पर अपनी स्थिती भी बदलते हैं। इसलिए चल रहे ग्रह योगों तथा सितारों के साथ जुड़े अन्य पहलुओं को स्टडी करने से मालूम देता है कि सप्ताह के प्रारंभ से तो मार्कीट पिछले रुख के मुताबिक ही चलती जाएगी, किंतु आखिरी हिस्से में एक नए रुख की शुरूआत जरूर हो सकती है।
यूं तो शुरू सप्ताह से मंदा रुख बना रहने की आशा दिखती है, किंतु 15 जून दोपहर एक बजे के करीब मार्कीट रुख पलट सकती है, मार्कीट पर नजर रखें। 11 जून दोपहर पूर्व साढ़े ग्यारह बजे के करीब तथा फिर दोपहर दो बजे के बाद मंदी-कमीबेशी का रिएक्शन। वैसे 15 जून दोपहर एक बजे के करीब रेटों में उछाल दिखता है।
तेल सोया, तेल मूंगफली, सरसों, अलसी, तोरिया, तिल-तेल-बिनौला, अरंडी, खल, सींगदाना, मेंथा, पिपरामैंट, अन्य तेल पदार्थों एवं वनस्पति इत्यादि में 8 जून शाम साढ़े पांच बजे के बाद मंदा बनने की सूरत में 14 जून तक मंदी, फिर 15 जून दोपहर एक बजे के करीब तेजी बनने पर 16 तारीख को भी तेजी रहेगी। कॉटन, पटसन, रुई, कपास, सन्न, सूत, सिल्क, स्टैपल, ऊनी, सूती, रेशमी कपड़े तथा यार्न इत्यादि में शुरू सप्ताह से मंदा चलेगा, 15 तारीख को दोपहर एक बजे के करीब बने रुख को देखकर आगे उसी के मुताबिक काम करें। शेयर मार्कीट में 9 जून को जो रुख बना होगा, ख्याल है कि 12 जून तक वही रुख चलेगा, 13-14 को मार्कीट की छुट्टी, 15 जून दोपहर एक बजे के करीब यदि रेट जम्प कर जाएं तो 16 तारीख को भी तेजी समझें।
सोना, चांदी, हीरे, जवाहरात, बहुमूल्य पत्थरों, बहुमूल्य धातुओं में शुरू सप्ताह से मंदा चलेगा, मगर ध्यान रखें कि 8 जून शाम साढ़े पांच बजे के बाद यदि मंदा रहा होगा तो फिर मंदा 15 जून दोपहर साढ़े बारह बजे तक पक्का समझें। फिर 15 जून दोपहर एक बजे के करीब तेजी का प्रभाव दिखेगा, 16 को भी तेजी रहेगी। गुड़, चीनी, शक्कर तथा अन्य मीठी रसदार वस्तुओं तथा मिश्री इत्यादि में प्रारंभिक हिस्से में मंदा किंतु आखिरी हिस्से में तेजी समझें।
गेहूं, ग्वारा, मटर, मक्की, चने, जौ, बाजरा, अरहर, मूंग, मास तथा अन्य अनाज पदार्थों एवं दालों इत्यादि में 15 जून दोपहर एक बजे के बाद तेजी का प्रभाव रहेगा। हाजिर मार्कीट में शुरू सप्ताह से बिकवाल की पैठ मार्कीट में दिखेगी, मगर 14 जून के बाद लवाल की बढ़ी हुई एक्टिविटी नजर आएगी, माल की मांग भी बढ़ने की आशा।
