March 2025 Horoscope & Predictions: मार्च में होगा ग्रहों का धूम धड़ाका, 2 ग्रहण लगेंगे
punjabkesari.in Saturday, Mar 01, 2025 - 08:30 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
March 2025 Horoscope & Predictions: मार्च का महीना ज्योतिष की दृष्टि से और खगोल विज्ञान की दृष्टि से बेहद खास रहने वाला है क्योंकि इस महीने ग्रहण का खूब धूम धड़ाका होगा। इस महीने इस साल का पहला चंद्र ग्रहण भी लगेगा और इसी महीने इस साल का पहला सूर्य ग्रहण भी लगेगा यानी एक साथ दो ग्रहण इस महीने लगेंगे। इसी महीने ढाई साल के बाद शनि का राशि परिवर्तन भी होगा और शनि के राशि परिवर्तन के साथ ही मकर राशि पर शनि की साढ़ेसाती खत्म हो जाएगी और मेष राशि पर शनि की साढ़ेसाती भी शुरू हो जाएगी।
इसी महीने शनि के राशि परिवर्तन से कर्क राशि और वृश्चिक राशि पर शनि की ढैया खत्म हो जाएगी। जबकि सिंह राशि और धनु राशि पर शनि की ढैया शुरू हो जाएगी। मार्च के महीने में कुछ ग्रह अपनी चाल बदलेंगे और कुछ ग्रह अपना नक्षत्र परिवर्तन करेंगे। इसी मार्च महीने में शुक्र ग्रह उल्टी चाल चलेंगे और इसी मार्च महीने में सूर्य के राशि परिवर्तन के साथ ही खरमास भी शुरू हो जाएगा और सारे मांगलिक और शुभ कार्यों पर विराम लग जाएगा। यानी ग्रहों का खूब धूम धड़ाका मार्च महीने में होने वाला है और ग्रहों का यह खेल कई राशियों के जीवन में जबरदस्त हलचल मचाने वाला है।
किस दिन चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। किस दिन सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है। किस दिन शनि राशि परिवर्तन कर रहे हैं। किस दिन सूर्य का राशि परिवर्तन होगा। किस दिन शुक्र उल्टी चाल चलेंगे। किस-किस दिन ग्रहों का नक्षत्र परिवर्तन होगा जानते हैं।
मार्च महीने में ग्रहों का जबरदस्त खेल मार्च के पहले हफ्ते से ही शुरू होने जा रहा है। 2 मार्च को शुक्र अपनी उच्च मीन राशि में उल्टी चाल चलेंगे और 30 मई तक अपनी मीन राशि में ही गोचर करते हुए अपना जलवा दिखाते रहेंगे। 2 मार्च को ही बुध ग्रह नक्षत्र परिवर्तन करेंगे और वह उत्तराभाद्रपद नक्षत्र में आ जाएंगे।
साल 2025 का पहला चंद्र ग्रहण 14 मार्च को फाल्गुन मास की शुक्ल पूर्णिमा के दिन लगेगा। यह ग्रहण भारतीय समयानुसार सुबह 10:41 बजे से दोपहर 14:18 बजे तक रहेगा। यह भारत में दिखाई नहीं देगा इसलिए इस ग्रहण का धार्मिक दृष्टि से भारत में कोई महत्व नहीं होगा। खगोलीय दृष्टि से यह चंद्र ग्रहण सिंह राशि और उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र में लगेगा इसलिए सिंह राशि और उत्तरा फाल्गुनी नक्षत्र में जन्मे लोगों के लिए यह ग्रहण विशेष रूप से प्रभावशाली रहने वाला है। चंद्र ग्रहण के दिन चंद्रमा से सप्तम भाव में सूर्य और शनि विराजमान रहेंगे और चंद्रमा को पूर्ण सप्तम दृष्टि से देखेंगे। ऐसे में इसका प्रभाव और भी गहरा देखने को मिलेगा। इस दिन चंद्रमा से दूसरे भाव में केतु, सप्तम भाव में सूर्य और शनि, अष्टम भाव में राहु, बुध और शुक्र, दशम भाव में बृहस्पति और एकादश भाव में मंगल विराजमान होंगे।
14 मार्च को ही चंद्र ग्रहण के दिन ग्रहों के राजा सूर्य राशि बदलेंगे और वह कुंभ राशि से निकलकर अपने मित्र गुरु की मीन राशि में आ जाएंगे। इसके साथ ही खरमास भी शुरू हो जाएगा, जिसमें कोई मांगलिक कार्य नहीं होता।
16 मार्च को राहु का नक्षत्र परिवर्तन होगा और वह पूर्वा फाल्गुनी नक्षत्र में आ जाएंगे। इसी दिन केतु ग्रह भी उत्तराफाल्गुनी नक्षत्र में चले जाएंगे।
18 मार्च को सूर्य उत्तर भाद्रपद नक्षत्र में गोचर करेंगे।
19 मार्च को देवगुरु बृहस्पति और रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेंगे और 31 मार्च को सूर्य देव रेवती नक्षत्र में आ जाएंगे।
29 मार्च को शनि का राशि परिवर्तन होगा और इसी दिन सूर्य ग्रहण भी लगेगा। जो इस साल का पहला सूर्य ग्रहण होगा।
यह ग्रहण दुनिया भर में यूरोप, एशिया के उत्तरी इलाकों, अफ्रीका के उत्तरी व पश्चिमी इलाकों समेत नॉर्थ अमेरिका, साउथ अमेरिका के उत्तरी हिस्सों, अटलांटिक व आर्कटिक क्षेत्रों में दिखाई देगा।
यह पूर्ण ग्रहण दोपहर 14:21 बजे से शाम 18:14 बजे तक रहेगा। यह ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा इसलिए इसका कोई धार्मिक प्रभाव नहीं माना जाएगा। साथ ही इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। इस दौरान मीन राशि और उत्तरा भाद्रपद नक्षत्र में ग्रहों का विशेष संयोग बनेगा। इस दिन मीन राशि में सूर्य और राहु के अतिरिक्त शुक्र, बुध और चंद्रमा उपस्थित होंगे। इससे द्वादश भाव में शनि विराजमान होंगे। इससे तीसरे भाव में वृषभ राशि में बृहस्पति, चौथे भाव में मिथुन राशि में मंगल और सप्तम भाव में कन्या राशि में केतु स्थित होंगे। पांच ग्रहों का प्रभाव एक साथ होने के कारण इस ग्रहण का राशियों पर बहुत गहरा प्रभाव देखने को मिल सकता है.
सूर्य ग्रहण के दिन ही शनि का राशि परिवर्तन भी होगा। शनि ढाई साल तक एक राशि में रहते हैं और वह 29 मार्च को अपनी मूल त्रिकोण कुंभ राशि से निकल कर देवगुरु बृहस्पति की मीन राशि में चले जाएंगे और यह 2025 का सबसे बड़ा ग्रहों का परिवर्तन होगा। हमारे नवग्रहों में तीन ही ऐसे बड़े ग्रह हैं। जो लंबे समय एक राशि में रहते हैं। शनि देव ढाई साल तक एक राशि में रहते हैं। राहु और केतु डेढ़ साल या 18 महीने एक राशि में रहते हैं और देवगुरु बृहस्पति एक साल तक एक राशि में गोचर करते हैं। इस लिहाज से देखा जाए तो मार्च महीने में शनि देव का राशि परिवर्तन बहुत महत्वपूर्ण रहने वाला है।
कुछ राशियों के लिए मार्च का महीना जीवन में बहुत पॉजिटिव बदलाव लाएगा और सफलता के नए मौके देगा। कुछ राशियों के जीवन में धन-समृद्धि और खुशहाली आएगी। रुके हुए काम पूरे होंगे, प्रिय जनों के साथ संबंध बेहतर होंगे।
मार्च में ग्रहों के परिवर्तन का आपकी जिंदगी पर क्या प्रभाव पड़ेगा। आपके स्वास्थ्य के लिए, एजुकेशन के लिए, करियर के लिए, लव लाइफ के लिए और आर्थिक स्थिति के लिए यह महीना कैसा रहने वाला है।
मेष: सबसे पहले मेष राशि की बात करते हैं तो मेष राशि वालों के लिए मार्च महीना बहुत शुभ रहने वाला है। हालांकि मेष राशि पर इस महीने के अंत में यानी 29 मार्च से शनि की साढ़ेसाती भी शुरू हो जाएगी लेकिन इसके बावजूद ग्रहों की चाल से मेष राशि वालों को जबरदस्त आर्थिक लाभ होगा और तरक्की के शुभ योग बनेंगे। आपके सोशल सर्कल में भी वृद्धि होगी और आप कुछ नए संपर्क भी बनाएंगे। व्यापारी वर्ग के लोगों के लिए साल का पहला महीना ही तरक्की से भरा होगा। कोई बड़ी डील भी फाइनल हो सकती है। नौकरी में प्रमोशन के योग बन सकते हैं।
वृषभ: वृषभ राशि की बात करूं तो वृषभ राशि वाले बहुत भाग्यशाली रहने वाले हैं क्योंकि ग्रहों की चाल आपकी जिंदगी में कमाल दिखाने वाली है। आप काफी पॉजिटिव बदलाव महसूस करेंगे। करियर के लिहाज से भी यह महीना आपके लिए टर्निंग प्वाइंट साबित होने वाला है। प्रमोशन का तोहफा भी मिल सकता है और अगर प्राइवेट सेक्टर में हैं तो बेहतर पैकेज पर किसी बड़ी कंपनी से आपको जॉब का ऑफर मिल सकता है। अगर आप बिजनेस करते हैं तो अब मुनाफा कमाने का बेहतरीन मौका आपके हाथ आएगा।
मिथुन: मिथुन राशि वाले बहुत लकी रहने वाले हैं क्योंकि ग्रहों की चाल आपके लिए मददगार साबित होगी। लग्जरी लाइफ के प्रतीक माने जाने वाले शुक्र ग्रह आपकी सुख-सुविधाओं में बढ़ोतरी करेंगे और धन लाभ के अवसर भी आपको प्रदान करेंगे। लव लाइफ भी आपकी बेहतर होगी और प्रेम संबंध परवान चढ़ेगा।
कर्क: कर्क राशि वालों को इस महीने शनि की ढैया से मुक्त होने पर बहुत राहत मिलेगी। विदेश जाने की कोई फाइल लगाई है तो अच्छी खबर भी सुनने को मिलेगी। प्रमोशन के योग भी बनेंगे और आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।
सिंह: सिंह राशि की बात करें तो ग्रहों का राशि परिवर्तन सिंह राशि के जातकों के लिए बेहद शुभ रहने वाला है। हालांकि शनि की ढैया भी सिंह राशि पर शुरू हो जाएगी लेकिन आपको अचानक धन लाभ होगा, जिससे आपकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी। आपको अपने करियर में कोई बड़ी उपलब्धि भी हासिल हो सकती है या नई नौकरी का भी प्रस्ताव मिल सकता है। मां लक्ष्मी की आप पर कृपा बनी रहेगी।
कन्या: मार्च में ग्रहों के गोचर का शुभ प्रभाव कन्या वालों के जीवन में भी देखने को मिलेगा। इनकी आमदनी बढ़ सकती है, जिससे आर्थिक स्थिति में तेजी से सुधार होने की उम्मीद रहेगी। कर्ज चुकाने में सफल हो सकते हैं। बिजनेस में नया निवेश मिल सकता है या आप अपने काम का विस्तार करने में सफलता पा सकते हैं।
तुला: तुला राशि वालों के लिए यह महीना शानदार रहने वाला है। करियर में सफलता मिलेगी। लव लाइफ बेहतर होगी। प्रेम और रोमांस के मौके मिलेंगे। प्रमोशन का योग बनेगा। विदेश से भी कोई अच्छी खबर सुनने को मिलेगी।
वृश्चिक: वृश्चिक राशि की बात करते हैं तो वृश्चिक राशि वालों की लव लाइफ पहले से बेहतर होती जाएगी। शनि की ढैया भी समाप्त हो जाएगी। तरक्की के रास्ते खुलते चले जाएंगे। रोमांस के मौके मिलेंगे। नया फ्लैट या वाहन खरीदने का सपना भी पूरा हो सकता है।
प्रॉपर्टी में इजाफा होगा। पारिवारिक जीवन में मधुरता आएगी। संतान से जुड़ी कोई गुड न्यूज़ मिलेगी।
धनु : धनु राशि पर मार्च महीने से शनि की ढैया शुरू हो जाएगी लेकिन इस महीने ग्रहण के खेल से धनु राशि वालों को कई स्रोतों से इनकम हासिल होगी और लंबे समय से अटकी हुई समस्याओं का भी हल निकालेंगे। प्रमोशन का योग भी बनेगा और बेहतर पैकेज पर किसी दूसरी बड़ी कंपनी में भी स्विच कर सकते हैं।
मकर: मकर राशि वालों के लिए तो यह महीना खुशियों का पैगाम लेकर आ रहा है क्योंकि मकर राशि शनि की साढ़ेसाती से मुक्त होने जा रही है। आर्थिक स्थिति मजबूत होने से नई गाड़ी खरीद सकते हैं। किसी भी प्रोजेक्ट में निवेश करने के लिए समय बढ़िया है। कहीं घूमने-फिरने का कार्यक्रम भी बना सकते हैं।
कुंभ: ग्रहों का राशि परिवर्तन कुंभ राशि वालों को शानदार सफलता देने वाला है। आपके कई अटके काम बनते चले जाएंगे। कोर्ट-कचहरी के मामले में भी सफलता मिलेगी। विदेश से भी अच्छी खबर मिलेगी। बिजनेस में भी कामयाबी मिलेगी और कोई नई प्रॉपर्टी भी आप बना सकते हैं।
मीन : मीन राशि वालों को मिले-जुले नतीजे मिलेंगे। आर्थिक स्थिति तो मजबूत होगी लेकिन करियर में थोड़ा स्ट्रगल का सामना भी करना पड़ेगा। विरोधी थोड़ा परेशान कर सकते हैं लेकिन अंतिम जीत आपकी ही होगी। स्वास्थ्य पक्ष का आपको ख्याल रखना होगा लेकिन संतान की तरफ से कोई गुड न्यूज़ मिलेगी।
गुरमीत बेदी
9418033344