Magh Mela 2026 : श्रद्धालुओं को बड़ी राहत, रेलवे ने खोले प्रयागराज जंक्शन के सभी गेट
punjabkesari.in Tuesday, Jan 20, 2026 - 09:27 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Magh Mela 2026 : मौनी अमावस्या के पावन स्नान के बाद संगम नगरी प्रयागराज में श्रद्धालुओं की संख्या में कमी आने लगी है। हालात सामान्य होते ही रेलवे प्रशासन ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए शहर के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर लागू विशेष आवागमन व्यवस्था को तुरंत खत्म कर दिया है।
अब प्रयागराज जंक्शन पर यात्री सिटी साइड और सिविल लाइंस—दोनों दिशाओं से आसानी से स्टेशन में प्रवेश और बाहर निकल सकेंगे। यही सुविधा सूबेदारगंज, छिवकी, झूंसी और प्रयाग स्टेशन पर भी बहाल कर दी गई है, जहां दोतरफा आवाजाही फिर से शुरू हो चुकी है।
17 जनवरी से मौनी अमावस्या के मद्देनज़र बढ़ी भीड़ को संभालने और सुरक्षा बनाए रखने के लिए रेलवे ने वन-वे सिस्टम लागू किया था। इसके तहत स्टेशनों पर प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग दिशाएं तय की गई थीं। प्रयागराज जंक्शन पर सिटी साइड से प्रवेश और सिविल लाइंस की ओर से निकास की व्यवस्था थी, जिससे यात्रियों को सामान के साथ अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही थी। यह व्यवस्था 20 जनवरी तक लागू रहनी थी लेकिन स्थिति सामान्य होते ही इसे समय से पहले हटा लिया गया।
प्रयागराज मंडल के पीआरओ अमित कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की संख्या अब सामान्य स्तर पर आ गई है इसलिए सभी रास्तों को खोल दिया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में किसी स्नान पर्व या विशेष अवसर पर यदि भीड़ बढ़ती है, तो यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था दोबारा लागू की जा सकती है। फिलहाल, दोनों ओर से प्रवेश और निकास की सुविधा शुरू होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली है।
