Kitchen Vastu Tips : किचन में कभी न होने दें इन 3 चीजों का खत्म, वरना रूठ जाएंगी मां लक्ष्मी और घर से चली जाएगी बरकत
punjabkesari.in Sunday, Feb 01, 2026 - 02:53 PM (IST)
Kitchen Vastu Tips : हिंदू धर्म और वास्तु शास्त्र में रसोई को घर का सबसे पवित्र हिस्सा माना जाता है, क्योंकि यहां मां अन्नपूर्णा का वास होता है। वास्तु के अनुसार, रसोई में रखी वस्तुएं केवल पेट भरने का साधन नहीं हैं, बल्कि वे घर की बरकत और सुख-समृद्धि से जुड़ी होती हैं। अक्सर हम अनजाने में कुछ जरूरी चीजों को पूरी तरह खत्म होने देते हैं, जो वास्तु के नजरिए से अशुभ माना जाता है। तो आइए जानते हैं वो 3 खास चीजें जिन्हें रसोई के डिब्बे में कभी खाली नहीं छोड़ना चाहिए।

नमक
नमक का संबंध सीधे तौर पर राहु और केतु के दोषों को शांत करने से माना जाता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, यदि रसोई में नमक का डिब्बा पूरी तरह खाली हो जाए, तो घर में नकारात्मक ऊर्जा का प्रवेश होने लगता है। नमक खत्म होने से घर की आर्थिक स्थिति बिगड़ सकती है और परिवार के सदस्यों के बीच तनाव बढ़ सकता है। डिब्बे में थोड़ा नमक बाकी रहते ही नया पैकेट लाकर भर दें। साथ ही, नमक को हमेशा कांच के बर्तन में रखें।

सरसों का तेल
रसोई में इस्तेमाल होने वाला तेल शनि देव का प्रतीक माना जाता है। यदि खाना बनाते समय तेल पूरी तरह खत्म हो जाए और डिब्बा खाली पड़ा रहे, तो यह शनि दोष का कारण बन सकता है। इससे बनते हुए कार्यों में रुकावटें आने लगती हैं और धन की आवक प्रभावित होती है। कभी भी तेल को पूरी तरह खत्म न होने दें। खत्म होने से पहले ही उसकी व्यवस्था कर लें। विशेष रूप से शनिवार के दिन तेल खत्म होना अशुभ माना जाता है।
हल्दी
हल्दी का संबंध देवगुरु बृहस्पति से है। ज्योतिष में हल्दी को सौभाग्य और शुभता का प्रतीक माना गया है। रसोई में हल्दी का खत्म होना गुरु दोष को निमंत्रण देने जैसा है। हल्दी खत्म होने से घर में होने वाले मांगलिक कार्यों में बाधा आती है और करियर या व्यापार में गिरावट महसूस हो सकती है। हल्दी के डिब्बे को कभी भी झाड़कर साफ न करें। उसमें हमेशा कुछ मात्रा बाकी रहनी चाहिए।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
