वीकेंड पर खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब, VIP दर्शन बंद होने से मचा हंगामा
punjabkesari.in Monday, Nov 10, 2025 - 01:21 PM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Khatu Shyam Mandir VIP Darshan Closed: राजस्थान के सीकर ज़िले में स्थित प्रसिद्ध खाटू श्यामजी मंदिर में एक अनोखी स्थिति देखने को मिली। अचानक से मंदिर प्रशासन ने VIP दर्शन को रोक दिया। जैसे ही इस निर्णय की जानकारी भक्तों तक पहुंची, मंदिर परिसर में हल्का हड़कंप सा माहौल बन गया। मंदिर में सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए लाइन में लगे हुए थे। कई VIP और पासधारी भी अलग कतार में इंतजार कर रहे थे। लेकिन किसी कारणवश प्रशासन ने थोड़े समय के लिए VIP दर्शन की व्यवस्था बंद कर दी।
क्यों बंद किए गए VIP दर्शन?
वीकेंड होने की वजह से सुबह से ही बाबा श्याम के दर्शन के लिए भक्तों की संख्या काफी बढ़ गई। मंदिर की ओर जाने वाले रास्तों पर वाहनों की लंबी कतारें और पैदल श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही देखने को मिल रही है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार, अचानक भीड़ बढ़ने और सुरक्षा व्यवस्था को बनाए रखने के कारण VIP दर्शन को रोकना पड़ा। अधिकारियों ने बताया कि यदि VIP लाइन को खुला रखा जाता, तो साधारण दर्शन वाली लाइन पर दबाव और बढ़ सकता था। इसलिए VIP दर्शन अचानक बंद करने पड़े।
प्रशासन और पुलिस हुई अलर्ट
स्थिति बिगड़ने से पहले ही सीकर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मंदिर परिसर में पहुंच गए। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त जवानों की तैनाती की गई। सुरक्षा कर्मियों ने भक्तों से संयम बनाकर रखने की अपील की।
कुछ समय बाद फिर से शुरू हुए दर्शन
खाटू श्यामजी मंदिर स्थिति सामान्य होने के बाद दर्शन की व्यवस्था दोबारा शुरू कर दी गई। हालांकि VIP दर्शन को धीरे-धीरे नियंत्रित तरीके से खोलने का फैसला लिया गया, तांकि प्रशासन भीड़ को संभाल सके। मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अनुरोध किया कि वे भीड़भाड़ के दिनों में धैर्य रखें और व्यवस्था में सहयोग दें, ताकि सभी भक्त सरलता और सुविधा से बाबा श्याम के दर्शन कर सकें।
