Khatu Shyam Lakkhi Mela 2026 : फाल्गुनी मेले का चौथा दिन रहा खास, 5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने टेका मत्था

punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 11:43 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Khatu Shyam Lakkhi Mela 2026 : सीकर जिले में स्थित विख्यात खाटू श्याम मंदिर में चल रहे बाबा श्याम के फाल्गुनी मेले का चौथा दिन गहरी आस्था और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा के जयघोष से पूरी खाटू नगरी भक्तिमय वातावरण में डूबी हुई है। देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में बाबा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। अब तक लगभग 5 लाख से अधिक भक्त दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं।

भक्तों की श्रद्धा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई श्रद्धालु रींगस से खाटू तक पैदल यात्रा कर रहे हैं। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन और श्याम नाम के जयकारों के साथ भक्तों का जोश देखते ही बनता है।

मेले में हर दिन भीड़ बढ़ती जा रही है। खाटू नगरी के चारों ओर केसरिया पताकाएं लहरा रही हैं और लंबी कतारों में श्रद्धालु शांतिपूर्वक दर्शन कर रहे हैं। आज बाबा श्याम का विशेष एवं आकर्षक श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए भक्तों में खास उत्साह नजर आया। मंदिर परिसर को भव्य सजावट से सजाया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र का माहौल और अधिक आध्यात्मिक हो गया है।

मेले के सुचारु संचालन के लिए जिला प्रशासन और श्याम मंदिर समिति ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए करीब 6500 पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पूरे मेला क्षेत्र पर नजर रखने के लिए लगभग 400 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था के लिए मेले को 22 सेक्टरों में बांटा गया है।

प्रशासन का कहना है कि भक्तों की सुरक्षा, सुविधा और व्यवस्थित दर्शन सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए गए हैं ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News