Khalsa Sajna Diwas Visa Distribution : खालसा साजनाaदिवस पर पाकिस्तान जाने वाले श्रद्धालुओं को वीजा लगे पासपोर्ट वितरित
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 08:06 AM (IST)
अमृतसर/जैतो (सर्बजीत, पराशर): खालसा साजना दिवस (बैसाखी) के अवसर पर पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को शिरोमणि कमेटी कार्यालय में वीजा लगे पासपोर्ट वितरित किए गए। इस अवसर पर शिरोमणि कमेटी के प्रधान हरजिंदर सिंह धामी और अन्य अधिकारी मौजूद थे। धामी ने बताया कि इस बार 10 अप्रैल को सुबह 8 बजे जत्था शिरोमणि कमेटी कार्यालय से रवाना होगा। 1,795 श्रद्धालुओं के पासपोर्ट वीजा के लिए भेजे गए थे, जिनमें से 1,763 को दिल्ली स्थित पाकिस्तान दूतावास ने वीजा जारी किया है।
धामी ने भारत और पाकिस्तान सरकार से गुरुद्वारा श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर तुरंत खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि सिख श्रद्धालुओं की अपने पवित्र स्थलों के दर्शन के प्रति गहरी आस्था है और इसका सम्मान किया जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने पासपोर्ट की अनिवार्यता समाप्त करने और पाकिस्तान सरकार द्वारा ली जाने वाली 20 डॉलर की फीस खत्म करने की भी अपील की।
शिरोमणि कमेटी के सचिव बलविंदर सिंह काहलवां ने बताया कि जो श्रद्धालु आज पासपोर्ट नहीं ले पाए, वे जत्थे की रवानगी से पहले इसे कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। इस मौके पर ओ.एस.डी. सतबीर सिंह, इंजीनियर सुखमिंदर सिंह, उप सचिव बलविंदर सिंह खैराबाद, सुपरिंटैंडैंट निशान सिंह और यात्रा विभाग के इंचार्ज जगजीत सिंह भी उपस्थित थे।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
