Kedarnath Yatra 2026 : बर्फ की सफेद चादर में ढका केदारनाथ, यात्रा तैयारियां हुई प्रभावित

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 11:01 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

Kedarnath Yatra 2026 :केदारनाथ धाम में हो रही लगातार बर्फबारी ने पुनर्निर्माण कार्यों और आगामी यात्रा की तैयारियों को प्रभावित कर दिया है। खराब मौसम की वजह से केदारनाथ विकास प्राधिकरण की टीम को धाम से वापस गौरीकुंड लौटना पड़ा।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों, खासकर केदारनाथ धाम में पिछले कुछ दिनों से लगातार बर्फ गिर रही है। 18 से 20 मार्च के बीच हुई भारी बर्फबारी के चलते धाम में लगभग तीन से चार फीट तक बर्फ जम गई, जिससे निर्माण कार्य पूरी तरह रुक गए। इससे पहले पैदल मार्ग ठीक होने पर प्राधिकरण की टीम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार केदारनाथ पहुंच गई थी, ताकि पुनर्निर्माण कार्य शुरू किए जा सकें, लेकिन अचानक मौसम खराब होने से योजनाएं प्रभावित हो गईं।

लगातार बर्फबारी के कारण धाम में पिछले तीन दिनों से बिजली और पेयजल की आपूर्ति भी बाधित है, जिससे व्यवस्थाएं बनाए रखना प्रशासन के लिए मुश्किल हो गया है।

इसका असर केदारनाथ यात्रा की तैयारियों पर भी दिखाई दे रहा है। प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती केदारनाथ धाम तक पैदल मार्ग को फिर से सुचारू करना है।

बताया जा रहा है कि इस साल जनवरी और फरवरी में अपेक्षाकृत कम बर्फबारी हुई थी, जिससे मार्ग पूरी तरह खुला हुआ था, लेकिन मार्च में अचानक हुई भारी बर्फबारी ने हालात फिर से कठिन बना दिए हैं।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की लोनिवि शाखा के अधिशासी अभियंता राघवेंद्र सिंह के अनुसार, निर्माण कार्यों के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम धाम पहुंची थी, लेकिन खराब मौसम के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा। अब एक अप्रैल से टीम के फिर से केदारनाथ जाने की योजना बनाई गई है। मौसम अनुकूल रहने पर पुनर्निर्माण कार्यों को दोबारा शुरू किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News