सात समंदर पार तक गूंजी शिव-विवाह की शहनाई, मलेशिया ने भेजा विश्वनाथ के लिए शाही उपहार
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 08:27 AM (IST)
Kashi Vishwanath Temple News : काशी के कोतवाल बाबा विश्वनाथ की शादी का उत्साह इस बार वैश्विक रूप ले चुका है। मंदिर न्यास की एक अनूठी पहल के तहत, इस महाशिवरात्रि पर दुनिया भर के प्रमुख मंदिरों से बाबा के लिए उपहार मंगाए गए हैं। इसी कड़ी में मलेशिया से बाबा के लिए विशेष उपहार काशी पहुंचा है। मलेशिया सरकार की प्रतिनिधि वित्त मंत्री स्तर की अधिकारी समीला पेरुमल स्वयं बाबा विश्वनाथ के लिए विशेष पूजा सामग्री और उपहार लेकर काशी पहुंची हैं।
मलेशिया के प्रमुख हिंदू मंदिरों की ओर से बाबा के लिए सुंदर वस्त्र, श्रृंगार सामग्री और वहां की विशेष पूजन सामग्रियां भेजी गई हैं। इसे बाबा के विवाह के अवसर पर ससुराल की भेंट या नेग के रूप में देखा जा रहा है। काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास के सीईओ विश्वभूषण मिश्रा के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य दुनिया भर में फैले सनातन धर्म के केंद्रों को एक सूत्र में पिरोना है।
देशभर के 18 से अधिक मंदिरों का संगम
मलेशिया के अलावा देश के अन्य बड़े मंदिरों से भी बाबा के लिए उपहारों की झड़ी लगी हुई है।
मथुरा (श्रीकृष्ण जन्मभूमि): यहां से कान्हा की ओर से बाबा (जो उनके आराध्य हैं) के लिए विवाह के वस्त्र और विशेष मेवा-मिष्ठान आए हैं।
मुंबई (सिद्धिविनायक): गणपति बप्पा की ओर से पिता महादेव के लिए विशेष भेंट भेजी गई है।
वैष्णो देवी (जम्मू): माता रानी के दरबार से चुनरी और भेंट सामग्री पहुंची है।
पहली बार काशी में ऐसा नजारा दिख रहा है जहां दक्षिण भारत से लेकर विदेशों तक के मंदिरों की आस्था एक साथ काशी विश्वनाथ धाम में समाहित हो रही है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
