International Gita Mahotsav: इंडोनेशिया में 3 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आगाज, बाली की प्रांतीय संसद में विराजित हुई श्रीमद् भगवद् गीता

punjabkesari.in Saturday, Sep 13, 2025 - 07:32 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

बाली (कुरुक्षेत्र) (राजन सपड़ा): मॉरीशस, श्रीलंका, इंगलैंड, कनाडा व ऑस्ट्रेलिया के बाद गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के सान्निध्य में इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव इंडोनेशिया के बाली प्रांत में आयोजित किया जा रहा है। कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के तत्वावधान में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में जहां हरियाणा सरकार की तरफ से प्रतिनिधि के रूप में संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा सम्मिलित हुए, वहीं के.डी.बी. के मानद सचिव उपेंद्र सिंघल, 48 कोस तीर्थ निगरानी कमेटी के चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा, वूमेन वैल्फेयर की चेयरपर्सन रेनू भाटिया, सचिव सुषमा गुप्ता, करनाल की मेयर रेनू बाला गुप्ता, जीओ गीता इंगलैंड के महासचिव मनीत कपूर, जीओ गीता स्पेन के महासचिव कृष्ण कुमार सैनी एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में आम्बेडकर स्टडीज के सह-निदेशक डा. प्रीतम सिंह उपस्थिति रहे।

 3 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के प्रथम दिवस पर इंडोनेशिया के बाली की संसद में श्रीमद् भगवद् गीता को विराजित करने के पावन भाव के साथ आयोजित किए कार्यक्रम में इंडोनेशिया व हरियाणा सरकार के बीच समन्वय स्थापित करने वाले इंडोनेशिया में भारत के काऊंसलेट जनरल शशांक विक्रम के संचालन व आयोजित कार्यक्रम में सर्वप्रथम बाली की प्रांतीय संसद के वाइस चेयरमैन नोवासेवी पुत्रा, विधायक प्रो. सोमवीर, बुद्धि उत्तमा, राकी, मेदू पार्ता एवं  इंडोनेशिया की विदेश मंत्रालय की सचिव डा. नीना मल्होत्रा सहित अनेक प्रबुद्धजनों ने गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज सहित तमाम भारत वासियों का भव्य स्वागत किया।

बाली की संसद के सभागार में उपस्थिति को गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने कहा कि गीता केवल एक देश, एक धर्म अथवा एक जाति विशेष के लिए नहीं है बल्कि समूची मानव जाति के लिए है, गीता पूरे विश्व के लिए है। भगवान कृष्ण द्वारा कुरुक्षेत्र की धरती पर गाई गई गीता न केवल सत्य, सद्भाव और समरसता का प्रतीक है अपितु गीता शांति और सहिष्णुता का पाठ भी पढ़ाती है। भगवान के इसी दिव्य उपदेश को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड का अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के रूप में यह छठा आयोजन है। अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में सम्मिलित होने के लिए देश-विदेश से इंडोनेशिया पहुंचे सैंकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रातः गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के साथ हवन यज्ञ में हिस्सा लिया।

गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज व कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा ने बाली संसद के वाइस चेयरमैन नोवासेवी पुत्रा को श्रीमद् भगवद् गीता भेंट की। नोवासेवी पुत्रा एवं इंडोनेशिया की विदेश सचिव डा. नीना मल्होत्रा ने गीता जी को सहर्ष स्वीकार करते हुए उन्हें पूरे सम्मान के साथ प्रांतीय संसद में विराजित करने की बात कही। कार्यक्रम में मंच संचालन का कार्य कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सी.ई.ओ. पंकज सेतिया ने बखूबी निभाया। इस अवसर पर के.डी.बी. के सदस्य विजय नरूला, राजेश शांडिल्य, हैप्पी चावला, आर.के. सिंह, अशोक रोशा, ऋषि पाल मथाना, योगेश चावला, राजेंद्र चोपड़ा, मनीष चावला, खरैती लाल मक्कड़, सोनू वर्मा, साजन गुप्ता एवं डा. अशोक सम्राट सहित अनेक गणमान्य उपस्थित थे। 

सांस्कृतिक विचारों का किया आदान-प्रदान   
कार्यक्रम दौरान जहां हरियाणा के दादरी से संबंध रखने वाले बाली की संसद में विधायक प्रो. सोमवीर ने उपस्थिति को बाली की संस्कृति से विस्तारपूर्वक अवगत करवाया, वहीं 48 कोस तीर्थ निगरानी कमेटी के चेयरमैन मदन मोहन छाबड़ा ने कुरुक्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर पर चर्चा करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री गुलजारी लाल नंदा द्वारा के.डी.बी. के गठन से लेकर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कार्यकाल में गीता के प्रचार-प्रसार को अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में उनके योगदान की तमाम बातें सांझा कीं। कार्यक्रम दौरान डा. सोमवीर ने धर्म नगरी कुरुक्षेत्र में बाली के लिए भूखंड देने की मांग रखी। 

विश्व को गीता से जोड़ने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत : अरविंद शर्मा 
हरियाणा के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया की संस्कृति में समानता के चलते दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत हुए हैं।  अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के रूप में गीता के प्रचार को विश्व के कोने-कोने तक पहुंचाने के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के संकल्प को गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज के सान्निध्य में मुख्यमंत्री नायब सैनी बखूबी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने इंडोनेशिया में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के आयोजन के लिए बाली की संसद का आभार जताया। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News