Inspirational Story: जब एक संत का ताबीज बना राजा की ढाल
punjabkesari.in Friday, Apr 18, 2025 - 02:50 PM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Inspirational Story: किसी नगर में एक राजा रहते थे। एक दिन विद्वान संत राजा के नगर पहुंचे। राजा संत के पास गए और उन्हें अपने महल में आने के लिए आमंत्रित किया। संत राजा के महल पहुंचे तो राजा ने संत की बहुत सेवा की। राजा की सेवा से संत प्रसन्न हुए तथा जाते समय राजा को एक ताबीज देकर गए और उनसे कहा कि जब जीवन में परेशािनयां खत्म नहीं हो रही हों और आपको ऐसा लगे कि सब कुछ खत्म हो गया है तो इस ताबीज में एक कागज पर मंत्र लिखा है, उसे पढ़ लेना। लेकिन उससे पहले यह ताबीज मत खोलना।
राजा ने संत द्वारा दिए गए ताबीज को गले में पहन लिया। कुछ दिन बाद राजा के नगर पर शत्रुओं ने आक्रमण कर दिया। शत्रुओं से राजा की सेना हार गई। राजा अपने प्राण बचाकर जंगल में भाग गया और एक गुफा में छिप गया। उसे गुफा में शत्रु के सैनिकों के कदमों की आवाज सुनाई दी। फिर राजा को लगा कि वह फंस गया है और सब कुछ खत्म हो गया है। विरोधी सैनिक उसे बंदी बना लेंगे।
तभी राजा को संत के ताबीज की याद आई। राजा ने तुरन्त ताबीज खोला और कागज निकाला। उस पर लिखा था यह समय भी कट जाएगा। राजा को यह पढ़कर थोड़ा सुकून मिला। फिर कुछ देर बाद सैनिकों के कदमों की आवाज आनी बंद हो गई। राजा ने गुफा से झांक कर देखा तो सैनिक वहां से काफी दूर चले गए थे। फिर राजा अपने राज्य की तरफ चल दिया और उसके प्राण बच गए थे।