Inspirational Story: आसान नहीं होता परिश्रम का मीठा फल खाने वालों का जीवन
punjabkesari.in Tuesday, Oct 10, 2023 - 07:53 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Inspirational Story: एक साधारण परिवार का लड़का दसवीं पास करने के बाद अपने भरण-पोषण के लिए लंदन की सड़कों पर अखबार बेचने लगा। अपने बचे समय में वह पढ़ाई भी करता। इसी बीच उसने एक पब्लिशिंग हाऊस में नौकरी कर ली। वहां उसे विभिन्न विषयों की पुस्तकें मुफ्त में पढ़ने का अवसर मिला। युवक की प्रतिभा व ईमानदारी से फर्म का मालिक बड़ा प्रभावित हुआ। एक दिन उसकी सिफारिश पर उसे दर्शनशास्त्र का अध्ययन करने का मौका मिल गया। धीरे-धीरे उसकी रुचि विज्ञान में विकसित हुई। तभी एक दिन उसने हंफ्री डेवी का विज्ञान एवं अनुसंधान विषय पर भाषण सुना। उसने उनके भाषणों को ध्यान से सुना और उन्हें अच्छी तरह समझ लिया।
इसके बाद उसने चार भाषणों की विषयवस्तु पर आधारित लेख लिखकर रॉयल सोसायटी को भेज दिया। वहां से उसे कोई उत्तर नहीं मिला। लेकिन उसने हिम्मत बनाए रखी। एक दिन कुछ सोचकर उसने उन्हीं भाषणों पर नया लेख लिखकर हंफ्री डेवी को भेज दिया।
एक दिन जब वह सोने की तैयारी में था, स्वयं हंफ्री डेवी उससे मिलने चले आए। उन्होंने उसके लेखों और विज्ञान में गहन रुचि देखकर उसे रॉयल सोसायटी में लेबोरेटरी असिस्टेंट की नौकरी दिलवा दी। अब वह हम्फ्रे डेवी का सहयोगी बन गया। बाद में उसे दुनिया ने माइकल फैराडे के नाम से जाना। उसने विद्युत धारा का आविष्कार किया और उसे डेवी से भी अधिक प्रसिद्धि मिली।
डेवी ने स्वयं कहा, “मेरी अनेक खोजों में माइकल फैराडे सर्वाधिक महत्वपूर्ण है।
किस व्यक्ति में कौन-कौन सी प्रतिभा छिपी है, यह तो कोई नहीं जानता, लेकिन उसके फलने-फूलने के लिए लगन व परिश्रम की बड़ी जरूरत होती है।