2026 में अब तक 1.06 करोड़ पर्यटकों ने किया हिमाचल का रुख
punjabkesari.in Monday, Aug 31, 2026 - 02:01 PM (IST)
शिमला (अभिषेक): हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर घूमने का क्रेज देश-विदेश के पर्यटकों में बरकरार है। वर्ष 2026 में अब तक 1.06 करोड़ पर्यटकों ने हिमाचल प्रदेश का रुख किया है। यानि 1 अगस्त तक 1,06,28,706 पर्यटक हिमाचल पहुंचे हैं। यह आंकड़ा इस अवधि के दौरान बीते वर्ष 2025 की तुलना में अधिक है। बीते वर्ष जनवरी से अगस्त माह तक देश-विदेश से 91,89,887 पर्यटक हिमाचल घूमने के लिए पहुंचे थे, लेकिन इस वर्ष यह आंकड़ा अधिक है।
बीते वर्षों में हालांकि मानसून सीजन के दौरान पर्यटकों की आवाजाही कम रही थी, लेकिन इस बार विशेषकर वीकैंड पर पर्यटकों की आमद अधिक देखने को मिल रही है।
पर्यटन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार हिमाचल में 3 वर्ष की अवधि में 7.59 करोड़ से अधिक पर्यटक आए हैं। यह आंकड़ा वर्ष 1 अगस्त तक का है। यहां बता दें कि वर्ष 2023 में 1.60 करोड़ से अधिक पर्यटकों ने हिमाचल की सैर की थी, जबकि वर्ष 2024 में आंकड़ा 1.81 करोड़ से अधिक रहा था। वर्ष 2025 में धार्मिक सैलानियों का आंकड़ा भी दर्ज करना शुरू किया गया और इस तरह से वर्ष 2025 में पर्यटकों की आमद रिकार्ड 3.11 करोड़ तक पहुंच गई। वर्ष 2026 में अगस्त माह तक अभी 1.06 करोड़ पर्यटकों की आवाजाही दर्ज की गई है।
