मंदिरों के माध्यम से गौसदन संचालित किए जाएं : शांता

punjabkesari.in Wednesday, Feb 07, 2024 - 09:30 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

 पालमपुर (भृगु): पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने मंदिरों के माध्यम से गौसदन संचालित किए जाने का सुझाव दिया है। उन्होंने इसके लिए नियम बनाने का आग्रह मुख्यमंत्री से किया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के 10 बड़े मन्दिरों में ही 300 करोड़ रुपए की एफ.डी. और 110 क्विंटल सोना है। इसके अतिरिक्त भी बहुत सा धन सब मन्दिरों में है। शांता कुमार ने कहा कि उसी हिमाचल प्रदेश में घर-घर पूजी जाने वली गऊ माता बेसहारा बनकर सड़कों पर घूमती है।

अब कृषि के लिए बैल का कोई उपयोग नहीं रहा। इसलिए गऊ माता ही नहीं गऊ पुत्र बैल भी सड़कों पर बेसहारा घूमते हैं। सड़कों पर कई बार चलना कठिन हो जाता है। बेसहारा पशुओं के कारण ही कई बार सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। पिछले दिनों हिमाचल में एक बैल ने व्यक्ति पर हमला किया और वह मर गया। कई जगह बेसहारा पशुओं के प्रकोप के कारण लोगों ने खेतीबाड़ी भी बंद कर दी है।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 35 मंदिर तो सरकार के अधीन हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से विशेष आग्रह किया है कि ऐसा नियम बनाएं कि हिमाचल का हर बड़ा मंदिर एक गऊशाला चलाए। इस योजना पर सरकार का कोई खर्च नहीं होगा और मन्दिरों के धन का ठीक उपयोग हो सकेगा। हिमाचल प्रदेश में मन्दिर इतने समृद्ध हैं कि हर बड़े मन्दिर के धन से एक अच्छी बढ़िया गऊशाला चलाई जा सकती है। हिमाचल प्रदेश भारत का पहला प्रदेश बने जिसकी सड़कों पर कहीं पर कोई बेसहारा पशु न दिखाई दे। सरकार इतना बड़ा ऐतिहासिक काम उस पैसे से कर सकती है जिसका आज किसी प्रकार का उपयोग नहीं हो रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Recommended News

Related News