Hajj 2026 : हज यात्रियों के लिए बड़ी राहत, अब खुद कर सकेंगे ऑनलाइन फ्लाइट बुकिंग
punjabkesari.in Wednesday, Feb 04, 2026 - 12:02 PM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Hajj 2026 : हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई ने वर्ष 2026 की हज यात्रा को लेकर यात्रियों के लिए एक नई और उपयोगी व्यवस्था शुरू की है। अब हज पर जाने वाले श्रद्धालु अपनी हवाई यात्रा के टिकट स्वयं ऑनलाइन बुक कर सकेंगे। इसके लिए कमेटी की आधिकारिक वेबसाइट और ‘हज सुविधा’ मोबाइल ऐप के जरिए विकल्प दिया गया है।
उत्तराखंड राज्य हज समिति के अधिशासी अधिकारी मोहम्मद आरिफ ने बताया कि हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार यह सुविधा 29 जनवरी 2026 से केवल चार दिनों के लिए उपलब्ध रहेगी। इस दौरान यात्री अपनी पसंद और सीटों की उपलब्धता के अनुसार उड़ान का चयन कर पाएंगे।
फ्लाइट का आवंटन विमानों की क्षमता और खाली सीटों पर निर्भर करेगा। कमेटी ने स्पष्ट किया है कि एक बार टिकट बुक हो जाने के बाद न तो यात्रा की तारीख बदली जा सकेगी और न ही फ्लाइट में कोई परिवर्तन किया जाएगा।
जो यात्री तय समय सीमा में स्वयं टिकट बुक नहीं कर पाएंगे या इस विकल्प का उपयोग नहीं करना चाहेंगे, उनके लिए हज कमेटी अपने स्तर से फ्लाइट निर्धारित कर देगी।
मोहम्मद आरिफ के अनुसार, शिया हज यात्री, बिना मेहरम यात्रा करने वाली महिलाएं और महिला मेहरम श्रेणी के यात्रियों को स्वयं फ्लाइट बुक करने की अनुमति नहीं होगी। इन सभी यात्रियों की उड़ानें हज कमेटी ऑफ इंडिया द्वारा ही तय की जाएंगी।
हज कमेटी के इस फैसले को यात्रियों के हित में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है, जिससे उन्हें अपनी यात्रा की योजना अधिक आसानी और सुविधा के साथ बनाने का अवसर मिलेगा।
