Dhanteras 2026: सोना-चांदी ही नहीं धनतेरस पर घर लाएं ये पौधे, तिजोरी में बनी रहेगी बरकत और कभी नहीं होगी पैसों की तंगी
punjabkesari.in Thursday, Nov 05, 2026 - 11:13 AM (IST)
Dhanteras 2026 Lucky Plants: सनातन परंपरा में कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि का विशेष महत्व है। इस दिन धनतेरस का पावन पर्व बड़े ही धूमधाम से मनाया जाता है। वर्ष 2026 में 6 नवंबर (शुक्रवार) को धनतेरस का त्योहार मनाया जाएगा। इस शुभ अवसर पर धन-संपदा के देवता भगवान धन्वंतरि, धनपति कुबेर और धन की देवी मां लक्ष्मी का पूजन करने का विधान है। आमतौर पर धनतेरस के दिन लोग सोना, चांदी, पीतल के बर्तन या झाड़ू की खरीदारी करते हैं। हालांकि, यदि आपका बजट इस बार महंगा सोना-चांदी खरीदने का नहीं है, तो बिल्कुल चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। वास्तु शास्त्र और ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इस दिन कुछ विशेष फलदायी और भाग्यशाली पौधे घर लाना भी बेहद शुभ माना जाता है। ये पौधे न सिर्फ घर से नकारात्मकता दूर करते हैं, बल्कि धन-समृद्धि और आरोग्य भी आकर्षित करते हैं। आइए जानते हैं उन 5 पौधों के बारे में, जिन्हें धनतेरस पर घर लाना अत्यंत फलदायी माना गया है:

कुबेराक्षी या क्रासुला (जेड प्लांट): क्रासुला के पौधे को आम भाषा में जेड ट्री, लकी ट्री, मनी ट्री भी कहते हैं। वास्तु में इसे ‘धन का पौधा’ कहा जाता है। घर में क्रासुला का पौधा लगाकर घर पर हावी नकारात्मक ऊर्जा को भगाया जा सकता है। इस पौधे को बहुत ही भाग्यशाली माना गया है। इसे लगाने से घर में धन की आमद बढ़ जाती है और कभी पैसे की किल्लत भी नहीं रहती।

शमी का पौधा: शमी का पौधा घर के बाहर मुख्य द्वार के पास लगाएं। इसे लगाते समय इस बात का ध्यान रखें कि जब आप घर से बाहर निकलें तो यह पौधा आपके बाईं ओर पड़े। अगर घर के बाहर जगह नहीं है, तो इसे छत पर दक्षिण-पश्चिम (नैऋत्य कोण) या पश्चिम दिशा में भी लगाया जा सकता है। इसे घर के अंदर न लगाएं। शमी पत्र पूजन में चढ़ाने से पारिवारिक क्लेश व जीवन की बाधाएं समाप्त होती हैं।
तुलसी का पौधा: प्राचीन काल में हर हिंदू घर में तुलसी का पौधा ब्रह्म स्थान पर रखा जाता था। जो आज के दौर में संभव नहीं हो पाता। बदलते लाइफस्टाइल में खुले घर का स्थान अब फ्लैट ले चुके हैं। ऐसे में तुलसी के पौधे को घर की उत्तर-पूर्व अथवा उत्तर या पूर्व दिशा में तुलसी का पौधा लगाना उत्तम माना जाता है क्योंकि इससे जीवन में सकारात्मकता आती है। सुबह-शाम तुलसी पर दीपक लगाने से घर में सकारात्मकता बनी रहती है। चाहकर भी नकारात्मकता प्रवेश नहीं कर पाती।

मनी प्लांट: वास्तु शास्त्र में मनी प्लांट को आर्थिक संपन्नता और खुशहाली का कारक माना गया है। घर की दक्षिण-पूर्व दिशा (आग्नेय कोण) में इसे लगाएं क्योंकि इस दिशा के स्वामी भगवान गणेश और शुक्र देव हैं।
लकी बैम्बू (बांस का पौधा): बांस के पौधों को धन के आकर्षण के लिए उपयोग किया जाता है। घर में इनकी उपस्थिति से वित्तीय स्थिरता बढ़ती है। यह पौधा धन की ऊर्जा को आकर्षित करता है और आर्थिक चुनौतियों को कम करता है।

