Dauji Huranga 2026 : दाऊजी के हुरंगा में गोपियां बरसाती हैं कोड़े, हुरियारे खुशी-खुशी खाते हैं मार
punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 03:01 PM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Dauji Huranga 2026 : विश्व प्रसिद्ध दाऊजी का हुरंगा इस बार 5 मार्च को खेला जाएगा। इस अनोखे उत्सव को देखने के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु ब्रज में पहुंचते हैं। इस दौरान नंगे बदन पर कोड़ों की मार और रंग-गुलाल से भरा यह दृश्य भक्तों के लिए बेहद रोमांचक होता है। इस आयोजन के प्रमुख नायक शेषावतार श्री हलधर दाऊजी महाराज माने जाते हैं।
अनोखी परंपरा है दाऊजी का हुरंगा
ब्रज की होली आमतौर पर भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी होती है, लेकिन दाऊजी का हुरंगा भगवान बलराम को समर्पित होता है। यह उत्सव मंदिर परिसर में सुबह लगभग 11 बजे शुरू होता है। इसमें गोपों का समूह गोपिकाओं के प्रेम से भरे कोड़ों की मार अपने नंगे शरीर पर सहता है। इस अनूठे दृश्य को देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु आनंद और उत्साह से भर उठते हैं।
हुरियारों पर बरसते हैं प्रेम भरे कोड़े
ब्रज की गोपियां पारंपरिक लहंगा-फरिया और आभूषण पहनकर नगर के अलग-अलग द्वारों से गीत गाते हुए मंदिर में प्रवेश करती हैं। मंच पर श्रीकृष्ण और बलराम अपने सखाओं के साथ अबीर-गुलाल उड़ाते हैं। बताया जाता है कि इस हुरंगा में पांडेय समाज के वंशज प्रमुख रूप से भाग लेते हैं और सदियों पुरानी इस परंपरा को निभाते हैं।
रिश्तों का नहीं होता कोई भेद
इस उत्सव की खास बात यह है कि हुरियारिन यह नहीं देखती कि सामने जेठ है या देवर। महिलाएं फाग गीत गाते हुए पुरुषों के कपड़े फाड़कर उन्हें टेसू के रंग में भिगोकर कोड़े बनाती हैं और फिर प्रेम से प्रहार करती हैं। पुरुष भी इस परंपरा को खुशी-खुशी स्वीकार करते हैं। इसी वजह से ब्रज में कहा जाता है—फागुन में जेठ कहे भाभी।
रंगों की खास तैयारी और सुरक्षा इंतजाम
मंदिर प्रबंधन के अनुसार इस उत्सव के लिए बड़े स्तर पर रंगों की तैयारी की जाती है। इसमें टेसू और गुलाब के फूल, गुलाल, केसरिया रंग, चंदन, हल्दी और अन्य प्राकृतिक रंगों का उपयोग किया जाता है। श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था भी की गई है ताकि वे इस अनोखे आयोजन को आराम से देख सकें। साथ ही प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आयोजन के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
