CM Yogi Adityanath warns against namaz: योगी बोले- सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 11:29 AM (IST)
लखनऊ (इंट.): उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को राजधानी लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सड़कों पर नमाज पढ़ने के मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि प्रदेश में सड़कों पर नमाज नहीं पढ़ने दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि सड़कें आम जनता के आवागमन के लिए होती हैं और किसी को भी उन्हें बाधित करने का अधिकार नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग मुझसे पूछते हैं कि क्या यू.पी. में सच में सड़कों पर नमाज नहीं होती है। मैं कहता हूं कि कतई नहीं होती, आप जाकर देख सकते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार धार्मिक गतिविधियों का विरोध नहीं करती, लेकिन सार्वजनिक व्यवस्था और कानून का पालन सभी के लिए जरूरी है। जहां उसका निर्धारित स्थल हो, वहीं जाकर धार्मिक कार्य करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अगर किसी स्थान पर अधिक संख्या होने की समस्या है तो लोग शिफ्ट में नमाज अदा करें। उन्होंने कहा, कुछ लोगों ने कहा कि हमारी संख्या ज्यादा है। हमने कहा कि शिफ्ट में कर लो। अगर घर में रहने की जगह नहीं है तो संख्या कंट्रोल करो। जब सामर्थ्य नहीं है तो बेवजह संख्या क्यों बढ़ा रहे हो। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि अगर लोग प्यार से नहीं मानेंगे तो सरकार दूसरा तरीका अपनाने के लिए भी तैयार है।
