मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं
punjabkesari.in Sunday, Nov 08, 2026 - 09:44 AM (IST)
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दीपावली के पावन पर्व पर दिल्लीवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की है। उन्होंने कहा है कि दीपावली केवल दीपों और रोशनी का त्योहार नहीं, बल्कि आशा, विश्वास, आत्मीयता और नए संकल्पों का पर्व है।
मां लक्ष्मी की आराधना से जुड़ा यह त्योहार हमें समृद्धि के साथ सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का भी संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से अपील की कि वे दीपावली को पर्यावरण के अनुकूल और सुरक्षित तरीके से मनाएं। निर्धारित मानकों के अनुरूप ग्रीन पटाखों का उपयोग करें। दीयों की पारंपरिक रोशनी, रंगोली, मिठाइयों और आपसी मेल-मिलाप से त्योहार की खुशियां बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ हवा उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है और इसमें नागरिकों की भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए मेट्रो विस्तार की योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। मेट्रो के फेज-5 (ए) में 16.076 किलोमीटर की तीन नई कॉरिडोर परियोजनाओं को मंजूरी मिलना इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दिल्ली इलेक्ट्रिक व्हीकल पॉलिसी-2026 से स्वच्छ और शून्य उत्सर्जन वाले परिवहन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस वर्ष सरकार ने 70 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य भी पार किया है। अब हमारा संकल्प इन पौधों को सुरक्षित रखने और उन्हें पेड़ों के रूप में विकसित करने का है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
