Char dham Yatra 2026 : 10 लाख पार हुआ पंजीकरण, सी.एम धामी बोले– यात्रा होगी सुरक्षित और सुगम
punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2026 - 09:00 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Char dham Yatra 2026 : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि चारधाम यात्रा में देश-विदेश से आने वाले सभी श्रद्धालुओं को सुगम और सुरक्षित दर्शन कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष 19 अप्रैल से चारधाम यात्रा शुरू होने जा रही है और अभी तक लगभग 10 लाख तीर्थयात्री यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं। वहीं गढ़वाल मंडल विकास निगम के विश्राम गृहों में करीब पांच करोड़ रुपये की अग्रिम बुकिंग भी हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार ने वर्ष 2025 में धामों के कपाट बंद होने के तुरंत बाद ही अगली चारधाम यात्रा की तैयारियां शुरू कर दी थीं। यात्रा मार्गों की सड़क व्यवस्था, आधारभूत ढांचा, ठहरने की सुविधा, परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण चारधाम यात्रा चुनौतीपूर्ण रहती है, इसलिए यात्रियों की सुरक्षा सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। पिछले वर्ष प्राकृतिक आपदाओं के कारण करीब डेढ़ महीने तक यात्रा प्रभावित रही थी, इसके बावजूद 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चारधाम के दर्शन किए थे।
मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि इस बार आपदा से जुड़े पूर्वानुमान की जानकारी भी समय-समय पर श्रद्धालुओं को दी जाएगी। यात्रा शुरू होने से पहले वे स्वयं यात्रा मार्गों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सामान्य परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की संख्या पर किसी प्रकार की कैपिंग लगाने के निर्देश फिलहाल नहीं दिए गए हैं।
