Char Dham Yatra 2026 : चार धाम यात्रा पर बड़ा फैसला ! केदारनाथ-बदरीनाथ में टोकन सिस्टम रहेगा जारी
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 08:31 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Char Dham Yatra 2026 : अगले महीने शुरू होने जा रही चारधाम यात्रा को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इस वर्ष भी केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए टोकन सिस्टम लागू रहेगा। पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन ने यह व्यवस्था पिछले वर्ष शुरू की थी, जिसे इस बार भी जारी रखने का निर्णय लिया गया है।
दरअसल, दोनों धामों में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और दर्शन व्यवस्था को सुगम बनाने के उद्देश्य से टोकन सिस्टम लागू किया गया था। इस व्यवस्था के तहत यात्रा पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं को धाम पहुंचने पर टोकन नंबर दिया जाता है, जिसमें दर्शन का निर्धारित समय लिखा होता है, ताकि उन्हें लंबी कतारों में खड़ा न होना पड़े।
हालांकि पिछले वर्ष टोकन मिलने के बाद भी कई श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए लाइन में लगकर इंतजार करना पड़ा था, जिसके कारण इस व्यवस्था की आलोचना भी हुई। चारधाम तीर्थपुरोहित महापंचायत ने इसे अव्यवहारिक बताते हुए सरकार से टोकन सिस्टम खत्म करने की मांग भी की है। महापंचायत के महासचिव डॉ. बृजेश सती का कहना है कि इस सिस्टम की वजह से श्रद्धालुओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
वहीं पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल का कहना है कि हर साल केदारनाथ और बदरीनाथ में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, इसलिए दर्शन व्यवस्था को व्यवस्थित करना जरूरी है। देश के कई बड़े मंदिरों में भी टोकन सिस्टम लागू है। पिछले साल के अनुभव के आधार पर इस बार व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि टोकन सिस्टम को समाप्त नहीं किया जाएगा, बल्कि इसे और बेहतर बनाया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को सुगमता से दर्शन हो सकें।
