Char dham Yatra 2026 : केदारनाथ-बदरीनाथ में पूजा हुई महंगी, जानें नई फीस की पूरी Detail
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 08:22 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Char dham Yatra 2026 : अगले महीने शुरू होने वाली चारधाम यात्रा से पहले श्रद्धालुओं के लिए एक अहम बदलाव सामने आया है। केदारनाथ और बदरीनाथ धाम में विशेष पूजा कराने के लिए अब पहले से ज्यादा शुल्क देना होगा। बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने पूजा की नई दरें तय करते हुए शुल्क में बढ़ोतरी कर दी है।
नई व्यवस्था के अनुसार, बदरीनाथ धाम में श्रीमद भागवत कथा कराने का शुल्क अब दोगुना कर दिया गया है। पहले इसके लिए 51 हजार रुपये लिए जाते थे, जिसे बढ़ाकर अब 1 लाख रुपये कर दिया गया है। वहीं केदारनाथ धाम में पूरे दिन की विशेष पूजा के लिए श्रद्धालुओं को अब 51 हजार रुपये खर्च करने होंगे, जो पहले 28,600 रुपये था।
हालांकि, दोनों धामों में सामान्य दर्शन के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाता है, लेकिन विशेष पूजा या आरती में शामिल होने के लिए पहले से बुकिंग करानी होती है। इन विशेष अनुष्ठानों के लिए मंदिर समिति द्वारा निर्धारित शुल्क लिया जाता है। हाल ही में हुई बीकेटीसी की बैठक में इन दरों को बढ़ाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
दोनों धामों में अलग-अलग प्रकार की पूजा और आरतियां आयोजित होती हैं। बदरीनाथ में जहां 37 तरह की विशेष पूजाएं कराई जाती हैं, वहीं केदारनाथ में इनकी संख्या 46 है। इनमें महाभिषेक, अभिषेक, भोग और अन्य धार्मिक अनुष्ठान शामिल हैं, जिनके लिए श्रद्धालुओं से निर्धारित शुल्क लिया जाता है।
बदरीनाथ मंदिर
| पूजा | पूर्व शुल्क | नई शुल्क (रुपये में) |
| महाभिषेक | 4700 | 5500 |
| अभिषेक | 4500 | 5300 |
| खीर भोग | 1001 | 2100 |
| अखंड ज्योति दैनिक | 1500 | 2100 |
| अखंड ज्योति वार्षिक | 4951 | 6000 |
| वेद व गीता पाठ | 2500 | 3100 |
| श्रीमद भागवत कथा | 51,000 | 1,00,000 |
| कूपर आरती | 1951 | 3000 |
| चांदी आरती | 2731 | 5100 |
| स्वर्ण आरती | 5202 | 6100 |
| बाल भोग | 7301 | 10,000 |
| महाभोग | 32501 | 45,000 |
केदारनाथ मंदिर
| पूजा | पूर्व दरें | नई दरें(रुपये में) |
| महाभिषेक | 9500 | 11,500 |
| रुद्राभिषेक | 7200 | 7500 |
| लघु रुद्राभिषेक | 6100 | 7100 |
| बाल भोग | 1000 | 1500 |
| शिव सहस्त्रनाम | 2000 | 2500 |
| अखंड ज्योति दैनिक | 3800 | 5100 |
| दिन भर की पूजा | 28,600 | 51,000 |
| कपूर आरती | 1900 | 2400 |
| अखंड ज्योति | 28,600 | 35,000 |
