Char Dham Yatra 2026 : चार धाम यात्रा में पंजीकरण का आंकड़ा 6.87 लाख पार, हेमकुंड साहिब के लिए दो दिन में 750 आवेदन
punjabkesari.in Thursday, Mar 19, 2026 - 08:26 AM (IST)
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
Char Dham Yatra 2026 : चारधाम यात्रा के साथ-साथ अब हेमकुंड साहिब की यात्रा के लिए भी पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पंजीकरण शुरू होने के मात्र दो दिनों के भीतर ही 750 से अधिक श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब जाने के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया है। वहीं चारधाम यात्रा के लिए अब तक कुल 6.87 लाख से अधिक तीर्थयात्री पंजीकरण करवा चुके हैं। इस वर्ष चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल से होने जा रहा है।
पर्यटन विभाग ने बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम की यात्रा के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 6 मार्च से शुरू किए थे। वहीं हेमकुंड साहिब के कपाट 23 मई को खुलने की घोषणा के बाद 17 मार्च से इसके लिए भी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम या हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जाने वाले सभी श्रद्धालुओं के लिए पंजीकरण अनिवार्य रहेगा।
विभागीय आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक पंजीकरण केदारनाथ धाम के लिए हुए हैं, जहां अब तक 2,29,295 श्रद्धालुओं ने रजिस्ट्रेशन कराया है। इसके बाद बदरीनाथ धाम के लिए 2,02,622, गंगोत्री धाम के लिए 1,28,253 और यमुनोत्री धाम के लिए 1,25,366 श्रद्धालु पंजीकरण करा चुके हैं। हेमकुंड साहिब यात्रा के लिए भी शुरुआती दौर में ही 750 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने आवेदन कर दिया है।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा को लेकर तीर्थयात्रियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है, जिसका अंदाजा बढ़ते पंजीकरण आंकड़ों से लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध करा दी जाएगी, ताकि जो लोग ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन नहीं कर पा रहे हैं, वे भी आसानी से यात्रा के लिए अपना नाम दर्ज करा सकें।
